
बैजनाथ (कांगड़ा)। सांसद डा. राजन सुशांत ने बीड़ के स्मृति सदन में मानव भारती सेवा ट्रस्ट की ओर से पांच पंचायतों बीड़, गुनेहड़, क्यौर, चौगान व बड़ा भंगाल के लोगों के लिए आयोजित कार्यक्रम में कहा कि आजादी के बाद के वर्षों में देश के नेता लोगों को संस्कार देने में नाकाम रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेशों में लोकपाल का गठन करके भ्रष्टाचारियों पर लगाम लगाई जा सकती है। चारा घोटाले में दिए गए निर्णय पर उन्होंने सर्वोच्च न्यायलय का धन्यवाद करते हुए कहा कि अब जनता के जागने की बारी है।
उन्हाेंने कहा कि गांव के लिए बनने वाली योजनाओं का रूप बड़े कमरों के बजाए धरातल पर बनना चाहिए और विकास के मामले में छोटे गांव की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार जहां महिला का सम्मान होता है, वहीं देवता वास करते हैं। लेकिन देश में रोजाना महिलाओं के साथ घिनौने अपराध हो रहे हैं और इसके चलते राजनीतिक, सामाजिक व अब तो धार्मिक नेताओं पर भी प्रश्न चिन्ह लग गया है। इससे पूर्व बड़ा भंगाल के पंचायत प्रधान चुनी लाल की अगुवाई में उनका भव्य स्वागत किया गया। सुशांत ने लोगों की मांग पर बीड़ पीएचसी के लिए एंबुुलेंस देने, स्मृति सदन में शौचालयों के निर्माण के लिए 70 हजार रुपये और पंचायतों में क्रमवद्ध तरीके से सोलर लाइटें लगाने की घोषणा की।
इस मौके पर एसडीएम ओपी ठाकुर, लदरुंही के गोविंद दास, एसडीओ पीसी ठाकुर व डीएस वर्मा, चुनी लाल भंगालिया, शांति स्वरूप, किशोरी लाल, प्रीतम भारती, पवन पुरोहित, सुरेश, देवराज, राम कुमार, राजेश , राजकुमार, सतीश अबरोल उपस्थित रहे।
