
धर्मशाला। प्रदेश हेडमास्टर कैडर आफिसर एसोसिएशन की जिला कांगड़ा इकाई की बैठक वीरवार को शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय के हाल में हुई। इसमें संघ ने कई अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। संघ के जिला प्रधान केसी रंधावा प्रिंसिपल सुन्नी स्कूल ने कहा कि प्रदेश में स्कूल प्रमुखों के 850 पद रिक्त चल रहे हैं। जबकि शिक्षा उप निदेशकों के 28 पद खाली हैं।
इसके चलते प्रदेश भर के स्कूलों में छात्रों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इन पदों को जल्द भरा जाए। संघ के पदाधिकारियों ने उपनिदेशक के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन प्रेषित किया। इसमें कई मांगों का उल्लेख किया गया। वहीं उन्होंने उपनिदेशक से मांग की है कि जिला कांगड़ा में एसएसए व आरएमएसए के कार्यक्रम पूरे जिला में संतोषजनक तरीके से चलाए जाएं। मेडिकल और यात्रा भत्ते पंजाब की तर्ज पर दिए जाएं। साथ ही एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उपनिदेशक से कहा कि आरएमएसए का सेशन 2011-12, 2012-13 तथा 2013-14 का बजट स्कूलों को अभी तक मुहैया नहीं हो पाया है। मुख्य अध्यापकों के 4-9-14 के मामले अभी तक उप निदेशक कार्यालय से आगामी कार्रवाई को आगे नहीं गए हैं। साथ ही छात्रों के हित में निचले हिमाचल में भी एसएमसी के तहत अध्यापकों की नियुक्ति की आरंभ किए जाने की मांग उठी।
मौके पर जिला प्रधान केसी रंधावा, महासचिव एचएस भारती, कोषाध्यक्ष अरुण शर्मा, उपप्रधान नरेश शर्मा समेत दर्जनों स्कूल प्रमुख मौजूद रहे। वहीं शिक्षा उपनिदेशक भजन सिंह ने सभी मांगों को निदेशालय के समक्ष उठाने की बात कही। साथ ही जिला स्तरीय मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।
