
रुद्रपुर। डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन की बैठक में रिक्त पदों को भरने, फार्मेसिस्ट सेवाओं को स्टेट केडर घोषित करने समेत अन्य मांगों पर मंथन किया गया गया। साथ ही आंदोलन की रूपरेखा तय कर सीएमओ को ज्ञापन सौंपकर 10 नवंबर से अनिश्चित कालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी। मंगलवार को सीएमओ कार्यालय सभागार में एसोसिएशन की बैठक में शासन व निदेशालय में लंबित मांगों पर चर्चा की गई। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि महानिदेशालय स्तर पर 42 सूत्रीय मांग व शासन स्तर पर 21 सूत्रीय मांग लंबित हैं। एसोसिएशन वेतन विसंगति, पेसेंट केयर भत्ता, दुर्गम भत्ता, रिक्त पदों को भरने व राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा कार्यक्रम योजना में प्रोत्साहन राशि देने की कई बार मांग कर चुका है। लेकिन मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। बैठक में प्रांतीय कार्यसमिति के आह्वान पर सात से ग्यारह अक्टूबर तक काला फीता बांधने, 14-15 अक्टूबर को सुबह आठ से 10 बजे तक दो घंटे कार्य बहिष्कार, 16 से 18 अक्टूबर को तीन घंटे व 21 से 23 अक्टूबर तक 72 घंटे का कार्यबहिष्कार करने का निर्णय लिया गया। बाद में एसोसिएशन पदाधिकारियों ने सीएमओ राकेश सिन्हा को ज्ञापन सौंपकर मांग पूरी न होने पर 10 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी। इस मौके पर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष बीबी जोशी, जिला मंत्री डीके जोशी, एमसी पांडे, जीएन शर्मा, एनके भट्ट, महेश उपाध्याय, एपी खंतवाल, जेएल शाह, एचसी सती, केआर आर्या, दलजीत सिंह गौराया, केसी कांडपाल, जीपी मिश्रा, डीएस शर्मा आदि मौजूद थे।
