
रांची: बिरसा मुंडा जेल के अधीक्षक और रांची के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (कानून और व्यवस्था) धर्मेद्र पांडेय ने बताया कि लालू प्रसाद यादव को उच्च श्रेणी के कैदी को मिलने वाली सभी सुविधाएं प्रदान की गई हैं। उन्हें सुविधाएं देने में जेल मैनुअल का पूरा पालन किया जा रहा है। इसके तहत लालू को जेल में उनका मनपसंद सत्तू उपलब्ध कराया जा सकता है।
यादव को जेल में काफी सुविधाएं दी गई हैं। उन्हें झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा वाले सेल रखा गया है। उन्हें केबल टीवी, बाथरूम, तकिया, चादर, गद्दा, मच्छरदानी के अलावा पढऩे-लिखने के लिए अखबार, कॉपी -कलम भी उपलब्ध कराई गई है। मंगलवार की सुबह उठते ही उन्होंने सबसे पहले अखबार पढ़ा।
जेल नियमावली के अनुसार उपरी संभाग में कैदियों को विशेष खाद्य पदार्थ दिए जाते हैं। लालू को खाना बनाने के लिए दो सजा पाए कैदी दिए गए हैं। अगर कोई उपरी संभाग कैदी बाहर से खाना लेना चाहता है तो वह जेल अधीक्षक की अनुमति से इसे हासिल कर सकता है। 3 अक्टूबर को जैसे ही सीबीआई कोर्ट सजा का ऐलान करेगी तो उन्हें होटवार जेल की ड्रेस भी मिल जाएगी।
कल रात उन्होंने अरहर की दाल, रोटी, पालक की सब्जी के साथ आलू-चोखा व सलाद भी खाया। लालू से मिलने का समय सुबह 8 से 12 और दोपहर 3 से 4 बजे के बीच तय किया गया है।
आपको बता दें कि तमाम सुविधाएं होने बावजूद भी उनकी पहली रात बेचैनी में कटी। झारखंड के पुलिस महानिरीक्षक (कारावास) शैलेंद्र भूषण ने कल बताया था कि बिरसा मुंडा केंद्रीय जेल के भीतर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं जहां बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव अन्य के साथ चारा घोटाले में बंद हैं, जहां उन्हें कैदी नंबर 3312 की नई पहचान मिली है। (एजेंसी)
