
मंडी। त्योहारी सीजन में आम जनता को महंगाई का और तगड़ा झटका लग रहा है। प्रदेश सरकार ने विरोध के बावजूद बस किराये में 30 प्रतिशत वृद्धि को मंगलवार से लागू कर दिया है, वहीं घरेलू व कामर्शियल गैस सिलेंडरों के दाम भी बढ़ गए हैं। महंगाई की मार से आम जनता बेहाल है।
त्योहारी सीजन में आम लोगों को दिन-प्रतिदिन बढ़ रही महंगाई ने तोड़ कर रख दिया है। रसोई गैस के दाम पहली अक्तूबर यानी मंगलवार से बढ़ गए हैं। जिला मंडी में कैश सब्सिडी योजना लागू हो गई है। अब घरेलू रसोई गैस पर मिलने वाली सब्सिडी सीधे बैंक खाते में जमा होगी। सिलेंडर खरीदते समय उपभोक्ताओं को सिलेंडर की पूरी कीमत देनी होगी।
कैश सब्सिडी योजना के हिसाब से पहले घरेलू गैस सिलेंडर 1014.50 रुपये में मिलता था, अब 1086 रुपये में मिलेगा। वहीं, कामर्शियल गैस सिलेंडर पहले 1756.50 रुपये में मिलता था, अब 1866 रुपये में मिलेगा। घरेलू गैस के दाम में 71.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई, जबकि नॉन सब्सिडी गैस सिलेंडर की कीमत में 109.50 रुपये की वृद्धि हुई है। बढ़ी हुई दरें मंगलवार से लागू हो गई हैं।
स्थानीय निवासी कौशल्या देवी, सुमन कुमारी, जगदीश कुमार, बुद्धि सिंह आदि ने कहा कि महंगाई की मार से आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है। इधर, आईओसी के क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल ने घरेलू व नॉन सब्सिडी गैस सिलेंडरों के रेट बढ़ने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि रिटेल सेल्स प्राइस (आरएसपी) के तहत रसोई गैस के दाम में बढ़ोतरी हुई है। शहीद यशवंत सिंह गैस एजेंसी नेरचौक के सेल्स मैनेजर चतर सिंह ने कहा कि रसोई गैस की बढ़ी हुई दरें मंगलवार से लागू हो गई हैं।
