गटर में गिरने से पहले जिंदा था रविंद्र

धर्मशाला। शिक्षा बोर्ड के पास गटर में मिले युवक रविंद्र के शव के मामले में फोरेंसिक लैब ने रिपोर्ट थाने में सबमिट कर दी है। पुलिस अब अपनी जांच को आगे बढ़ाएगी। फोरेंसिक लैब की रिपोर्ट के अनुसार गटर में गिरने से पहले रविंद्र जिंदा था। गटर में गिरने के दो मिनट बाद ही उसकी मौत हुई है। डायटम टेस्ट रिपोर्ट में साफ लिखा है कि रविंद्र के गटर में जाने से पहले उसकी सांसें चल रही थीं। ऐसे में अब मामले में हत्या हुई है या फिर कोई दुर्घटना, इस पर संशय बना हुआ है। जबकि मृतक के परिजन रविंद्र की हत्या की आशंका जता रहे हैं।
फोरेंसिक लैब ने शव की केमिकल और बायोलॉजिकल रिपोर्ट को पुलिस थाना धर्मशाला भेज दिया है। अब मामले में पुलिस रिपोर्ट के आधार पर जांच करेगी। पहले लैब से रिपोर्ट न आने के कारण पुलिस जांच नहीं कर पा रही थी। वहीं, पुलिस के सूत्रों के अनुसार रिपोर्ट के आधार पर मिले तमाम साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। अगर इस मामले में हत्या जैसी आशंका लगती है तो सबूतों के आधार पर आरोपियों से पूछताछ की जा सकती है। उधर, डीएसपी मनोज जोशी ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले में निष्पक्ष जांच करेगी और परिजनों को न्याय दिलाएगी। फोरेसिंक लैब के सहायक निदेशक डा. एसके पॉल ने बताया कि थाने में समयानुसार मंगलवार को रिपोर्ट सबमिट करा दी गई है।

Related posts