
धर्मशाला। रविंद्र के परिजनों ने सोमवार को धर्मशाला थाने का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की। परिजनों ने रविंद्र की हत्या की आशंका जताई है। गौरतलब है कि शिक्षा बोर्ड के पास गटर में रविंद्र में रविंद्र का शव मिला था। परिजनों ने लगभग एक घंटा तक नारेबाजी की। परिजनों ने स्पष्ट कहा है कि जल्द पुलिस आरोपियाें को हिरासत में ले, ताकि मामले में सच्चाई सामने आ सके।
मृतक की मां सुनीता देवी ने बताया कि 25 अगस्त को धर्मशाला थाना में बेटे के गुम होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। मगर, लंबा समय बीत जाने पर भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्हाेंने बताया कि उसके बेटे का शव 16 दिनों के बाद मिला। अब तक पुलिस किसी भी आरोपी को नहीं पकड़ पाई है। उन्होंने दो लोगों पर भी शक करते हुए उनसे पूछताछ करने की मांग की। उन्होंने डीएसपी मनोज जोशी को अवगत करवाया कि घटना वाले दिन उक्त व्यक्ति भी उसके साथ था। इसके अलावा आसपास के लोगाें ने भी उक्त व्यक्ति को देखा। उन्होंने रोष जताते हुए बताया कि पुलिस ने अभी तक इन व्यक्तियों से पूछताछ नहीं की है। कहा कि अगर पुलिस मामले की जांच नहीं कर सकती तो मामले को सीबीआई को सौंपा जाए। जल्द ही कार्रवाई नहीं हुई तो गांववासी जिला मुख्यालय में रैली निकालेंगे और चक्का जाम करेंगे।
इस मौके पर रमना देवी, सुभद्रा देवी, स्वर्णा देवी, विमला देवी, रंजनी देवी, गीता देवी, राजकुमारी, सुमित्रा देवी, माया देवी, श्रेष्ठा देवी, विकास कुमार, मंजीत कुमार, पंकज, पवन, रीनू देवी, रेखा देवी, कैलाशो राम, निम्मो देवी, रेशमा, लीला, शकुंतला और अन्य लोग उपस्थित रहे। वहीं, डीएसपी मनोज जोशी ने बताया कि लैब की रिपोर्ट थाना पहुंची है। अब मामले में निष्पक्ष जांच की जाएगी। उधर, फोेरेंसिक लैब के सहायक निदेशक डा. पाल ने बताया कि रिपोर्ट को थाना भेज दिया गया है।
