
कांगड़ा। मंत्री का बेटा बताकर एसडीएम से अपने परिचित को नौकरी में सहयोग के लिए फोन करने वाले जालसाज को दो दिनों के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। इस मामले में गिरफ्तार किए गए नगरोटा बगवां के छू घेरा निवासी प्रवीण को कांगड़ा की अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे दो दिनों के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
आरोपी के इस कारनामे ने कइयों को सकते में डाल दिया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि आरोपी से पूछताछ में कई अहम खुलासे हो सकते हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रवीण के पास से एक डायरी बरामद की गई है। डायरी में लिखे गए नंबरों से पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लग सकते हैं। पूछताछ में पुलिस नंबरों की भी छानबीन करेगी। पुलिस को पूरा शक है कि प्रवीण ने इससे पहले भी फोन किए होंगे। फोन किसकी पहचान बताकर किए गए, इसकी भी पूछताछ की जाएगी। सूत्र बताते हैं कि कहीं अपने फायदे के लिए फर्जी नामों से फोन कर प्रवीण कहीं अपना धंधा तो नहीं चला रहा था। इसके साथ ही प्रवीण के मोबाइल की काल डिटेल के माध्यम से भी पुलिस छानबीन करेगी। डीएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि आरोपी को रिमांड पर भेजा गया है।
