
चिन्यालीसौड़। गंगोत्री राजमार्ग पर धरासू नालूपाणी में पत्थर की चपेट में आने से एक यात्री की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर घायल हो गया। घायल यात्री को सीएचसी चिन्यालीसौड़ में प्राथमिक उपचार देने के बाद देहरादून रेफर कर दिया गया।
सोमवार तड़के साढ़े पांच बजे एक इनोबा कार उत्तरकाशी से दिल्ली जा रही थी। धरासू नालूपाणी के पास सड़क पर पत्थर आ गए। पत्थर हटाने के लिए मनीष मंजूनाथ (27 वर्ष, पुत्र महादेव निवासी बासाबेसवाडा बैंगलौर कर्नाटक) और बृजेश (22 वर्ष, पुत्र गौरीशंकर काकोरी बुलंदशहर दिल्ली) वाहन से बाहर निकले, तभी ऊपर पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे। पत्थर की चपेट में आने से मनीष मंजूनाथ की मौके पर मौत हो गई, जबकि बृजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। वाहन में बैठे चालक जसपाल सिंह (पुत्र हरबंस निवासी विष्णु गार्डन तिलकनगर नई दिल्ली) ने भागकर अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची धरासू पुलिस ने घायल को सीएचसी चिन्यालीसौड़ में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते देहरादून रेफर कर दिया। पत्थर लगने से इनोबा कार का पीछे का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। तीनों लोग गंगोत्री की यात्रा करने के बाद दिल्ली लौट रहे थे।
