
नाहन (सिरमौर)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरमोहिंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के आदेश के बाद नाहन अस्पताल की बुनियादी सुविधाएं जल्द बहाल होगी और सभी प्रकार की समस्याएं तीन महीने के भीतर हल हो जाएंगी। उन्होंने सोमवार को प्रेसवार्ता में बताया कि अब रोगियों को महंगी दरों पर बाहर से टेस्ट नहीं करवाने पड़ेंगे। पांवटा स्थित रैनबेक्सी कंपनी के साथ एक एमओयू साइन होने जा रहा है जो नाहन अस्पताल में सभी प्रकार के टेस्ट 24 घंटे करेगी और रोगियों से शुल्क रोगी कल्याण समिति की ओर से तय रेट के आधार पर ही लेगी।
सीएमओ ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर आईसीयू और 10 दिन के भीतर बंद पड़ा जेनरेटर को ठीक कर दिया जाएगा। अस्पताल के भीतर ही जनऔषधी केंद्र खोलने की संभावना पर विचार किया जा रहा है। नाहन अस्पताल में रोगियों की बुनियादी सुविधाओं से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रोगियों की ओर से मिलने वाली सभी शिकायत पर गौर किया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।
इस मौके पर चिकित्सा अधीक्षक संजय शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. एचके मल्होत्रा, मास कम्यूनिकेशन अधिकारी प्रोमिला महाजन आदि मौजूद थे।
