भड़के ग्रामीणों ने रोका पुलिस का रास्ता

चुवाड़ी (चंबा)। स्कूली छात्रा को करंट लगने के मामले से ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा है। सोमवार देर शाम को जब पुलिस की टीम बच्ची के शव का पोस्टमार्टम करवाने चुवाड़ी ला रही थी तो ग्रामीणों ने पुलिस का वाहन रोक दिया और पहले मौके पर विद्युत बोर्ड के अधिकारियों को बुलाने की मांग करने लगे। इस दौरान ग्रामीणों ने धरना देकर विद्युत बोर्ड के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। स्थानीय विधायक विक्रम जरियाल भी मौके पर पहुंच गए थे। इस अवसर पर उनके साथ साडल पंचायत के प्रधान कुलदीप सिंह, डिंपल शर्मा, सरोज, उत्तम चंद, हरिजन सुधार सभा के महासचिव विजय कुमार, बीडीसी सदस्य केवल सिंह, पूर्व प्रधान कुलदीप सिंह, मनोता पंचायत प्रधान शिव कुमार सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। स्थानीय विधायक ने बताया कि उन्होंने बोर्ड के एक्सईएन से बात की तो उन्होंने कहा कि जंपर काट दिया था। उन्होंने कहा कि बोर्ड के अधिकारी झूठ बोल रहे हैं, जबकि जंपर करंट लगने की घटना के बाद काटे गए हैं। उन्होंने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उधर, ग्रामीणों में इस बात को लेकर भी काफी रोष था कि दो दिनों से वे इस तार को ठीक करने को कह रहे थे, मगर विद्युत बोर्ड के कर्मियों ने उनकी एक न सुनी। ग्रामीण इस मामले में बोर्ड के जिम्मेवार अधिकारियों पर लापरवाही का मुकदमा दर्ज करने की भी मांग कर रहे थे। उधर, पता चला है कि बच्ची के पिता पठानकोट में नौकरी करते हैं और इस बात का खबर सुनने के बाद वे देर शाम घर पहुंचे। बेटी के अचानक हुई मौत की खबर से पूरा परिवार सन्न है। परिजनों सहित सभी ग्रामीण विद्युत बोर्ड की लापरवाही को ही कोस रहे हैं। ग्रामीणों के गुस्से को देख विद्युत बोर्ड के अधिकारी भी फिलहाल मौके पर पहुंचने से कतरा रहे हैं। हालांकि बाद में कुछ ग्रामीणों के समझाने पर भड़के अन्य ग्रामीणों ने पुलिस की गाड़ी को जाने दिया।

Related posts