
कांगड़ा। मंत्री का बेटा बताकर अपने परिचित को नौकरी दिलवाने में सहयोग करने के नाम पर एसडीएम को फोन करने वाले एक जालसाज को कांगड़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसडीएम कांगड़ा अजीत भारद्वाज की शिकायत पर यह कार्रवाई अमल में लाई गई है। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार किया गया युवक शाहपुर के छू-घेरा का रहने वाला है।
उधर, युवक की ओर से की गई इस जालसाजी से कई सकते में हैं। पकड़ा गया युवक पहले भी इसी तरह अपना काम निकलवाने के लिए अन्य अधिकारियों को फोन तो नहीं करता था। पुलिस इस मामले को लेकर युवक से कड़ी पूछताछ कर रही है। जानकारी के मुताबिक कांगड़ा के एसडीएम अजीत भारद्वाज को एक फोन आया। फोन में बात करने वाले युवक ने अपनी पहचान आरएस बाली के नाम से दी। फोन में युवक ने कहा कि वह एक लड़के को भेज रहा है और उसे कंप्यूटर में नौकरी दिलवाने के लिए आपका सहयोग चाहिए। जैसे ही युवक की सिफारिश पर नौकरी पाने वाला लड़का देवेंद्र एसडीएम कोर्ट पहुंचा, पुलिस ने उसे ट्रैप कर लिया। देवेंद्र से ही मंत्री के बेटे के नाम पर फोन करने वाले युवक को पुलिस ने पूछताछ के बाद पकड़ा। थाना प्रभारी महिंद्र सिंह मिन्हास ने बताया कि मंत्री के बेटे के नाम पर फोन करने वाले युवक प्रवीण को गिरफ्तार कर लिया है। प्रवीण छू-घेरा का रहने वाला है। पुलिस ने धारा 419, 420 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
ऐसे दबोचा जालसाज
कांगड़ा। ई-गवर्नेंस से संबंधित कंप्यूटर आपरेटरों की पोस्ट को लेकर एसडीएम अजीत भारद्वाज को रविवार सुबह करीब दस बज कर बीस मिनट पर फोन आया। प्रवीण ने एसडीएम से कहा कि वह आरएस बाली बोल रहा है। एक युवक देवेंद्र को इस पद के लिए नौकरी में आपका सहयोग चाहिए। एसडीएम को शक हुआ पर उन्होंने इसे जाहिर न करते हुए कहा कि जिस युवक की वह बात कर रहे हैं उसे आज ही भेज दो। रविवार को युवक एसडीएम कार्यालय नहीं पहुंचा। लेकिन इसकी सूचना डीएसपी को दी जा चुकी थी। सोमवार को जैसे ही देवेंद्र एसडीएम के पास पहुंचा और नौकरी के लिए फोन करने वाले का जिक्र किया। पुलिस ने तत्काल देवेंद्र को दबोच लिया और उसी से पूछताछ के आधार पर फोन करने वाले प्रवीण को गिरफ्तार किया। एसडीएम अजीत भारद्वाज ने कहा कि उन्हें फोन आया था। इसकी शिकायत पुलिस को अगली कार्रवाई के लिए कर दी गई है।
