
सुंडला (चंबा)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुंडला का आज तक अपना भवन नहीं बन पाया है। इसके चलते स्वास्थ्य केंद्र पंचायत घर के एक कमरे में चल रहा है। सुंडला में लगभग 20 साल पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोला गया था, लेकिन आज तक उसका भवन नहीं बनाया गया। पहले यह स्वास्थ्य केंद्र एक किराए के भवन में चल रहा था, लेकिन लगभग डेढ़ माह पहले उस भवन की छत गिर गई थी। इस कारण इस स्वास्थ्य केंद्र को पंचायत घर के एक कमरे में शिफ्ट कर दिया गया है। अब हालात यह है कि एक ही कमरा होने के कारण स्टाफ भी यहीं बैठता है और वे मरीजों को भी यहीं पर देखते हैं। इतना ही नहीं दवाईयां भी इसी कमरे में रखी जाती हैं। यहां पर हर रोज 40 से 50 लोग इलाज के लिए आते हैं, लेकिन कई बार यह आंकड़ा बढ़ भी जाता है और यहां पर लोगों की अधिक भीड़ हो जाती है। ऐसा होने पर लोगों को इलाज के लिए अधिक परेशानी झेलनी पड़ती है। इसके चलते कई लोगों को इलाज करवाने के लिए 30 किलोमीटर दूर चंबा जाना पड़ता है। स्थानीय निवासी पवन कुमार, देस राज , हेम राज, विनय कुमार, चमन लाल, हंस राज, किशोरी लाल, रूप लाल, विजय कुमार, अशोक कुमार, रामस्वरूप, नरेश कुमार, विन्नी कुमार, राहुल और अजय ने बताया कि सुंडला में स्वास्थ्य केंद्र का अपना भवन न होने के कारण मरीजाें को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन का जल्द निर्माण किया जाए।
बाक्स
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. राकेश वर्मा ने बताया कि सुंडला स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध नहीं हो पाई है। स्वास्थ्य केंद्र के भवन निर्माण के लिए कोई भी व्यक्ति जमीन देने के लिए तैयार नहीं है और स्वास्थ्य केंद्र के पास सरकारी जमीन भी नहीं है। अगर कोई व्यक्ति जमीन देने का इच्छुक है तो विभाग से संपर्क कर सकता है। जमीन मिलते ही भवन का निर्माण करवा दिया जाएगा।
