
पालमपुर (कांगड़ा)। बस किराये में हुई बढ़ोतरी का चौतरफा विरोध शुरू हो गया है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं सुलह के पूर्व विधायक विपिन सिंह परमार ने इसका कड़ा विरोध किया है। उन्होंने कहा कि एक तो जनता पहले ही महंगाई की मार से दबी थी। अब प्रदेश सरकार ने किराये का अलग से बोझ डाल दिया।
यही नहीं डिपुओं में मिलने वाली चीनी और खाद्य तेल के दामों में भी बढ़ोतरी कर दी है। इससे लाखों एपीएल परिवार प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार ने अपने नौ महीने के कार्यकाल में कोई विकास तो किया नहीं, लेकिन जनता पर महंगाई का बोझ जरूर डाल दिया है। जनता कांग्रेस के नौ महीने के शासन से ही परेशान हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के पास खनन को लेकर कोई ठोस नीति न होने के कारण आज कई ट्रैक्टर मालिक व ठेकेदार प्रभावित हुए हैं। खासकर वह ट्रैक्टर मालिक कहां जाएं, जिन्होंने भारी लोन लेकर ट्रैक्टर लिए हैं। अब खनन न होने से वह किस्त नहीं भर पा रहे हैं। इससे आए दिन उन पर हजारों रुपयों का ब्याज ही चढ़ रहा है। यही नहीं, इस धंधे से जुड़े हजारों लोग बेरोजगार हो गए है। उन्होंने कहा कि सरकार के इन फैसलों का भाजपा कड़ा विरोध करती है।
