टाट पर टेट भावी अध्यापकों ने जमीन पर बैठ दी परीक्षा

धर्मशाला। प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से रविवार को ली गई टेट परीक्षा भावी अध्यापकों को टाट पर बैठकर ही देनी पड़ी। यह बात भावी अध्यापकों को रास न आई और परीक्षा शुरू होने से पहले परीक्षार्थी व्यवस्था को देखकर बिफर गए। धर्मशाला के पास राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सकोह में यह अव्यवस्था का आलम देखने को मिला।
परीक्षार्थी बिंता मेहरा, प्रवीण कु मार, राकेश, निशा कुमारी आदि ने कहा कि एक ओर शिक्षा बोर्ड ने उनसे 800 रुपये तक फीस वसूल की है। लेकिन व्यवस्था सौ रुपये की भी नहीं है। वहीं कुछ परीक्षार्थी जो बिना क्लिप बोर्ड के परीक्षा देने आए थे। उन्हें बिना डेस्क के जमीन बैठकर परीक्षा देनी पड़ी। परीक्षा के दौरान परीक्षार्थी ओएमआर सीट अपनी गोद में लेकर या जमीन पर रखकर पेपर करने को मजबूर रहे। इससे परीक्षार्थियों को कड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। परीक्षार्थियों ने शिक्षा बोर्ड की पूरी कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए। दरअसल सकोह में करीब डेढ़ सौ परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। इनमें से कुछ को तो डेस्क नसीब हो गए। लेकिन स्कूल में डेस्क कम होने के चलते बाकी परीक्षार्थियों को नीचे जमीन पर बिछी टाट पर बैठकर ही परीक्षा देनी पड़ी। इसके चलते परीक्षार्थियों में शिक्षा बोर्ड के प्रति काफी रोष देखा गया।

व्यवस्थाओं का रखेंगे ध्यान
स्कूल शिक्षा बोर्ड सचिव राखिल काहलों का कहना है कि आर्ट्स टेट के परीक्षार्थी अधिक होने के चलते अव्यवस्था रही। लेकिन आगामी समय में होने वाली परीक्षाओं में सभी व्यवस्थाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा। सचिव ने कहा कि परीक्षार्थियों को क्लिप बोर्ड साथ लाने की हिदायत पहले से दी गई थी।

Related posts