
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश कृषक मित्र संघ की जिला स्तरीय बैठक रविवार को गीता भवन ज्वालामुखी में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांगड़ा के कृषक मित्र संघ के उपाध्यक्ष नरेश वैद्य ने की। इसमें कृषक मित्राें ने भारी संख्या में उपस्थिति दर्ज करवाई।
इस मौके पर नरेश वैद्य ने कहा कि कृषक मित्रों का दो अक्तूबर को तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा हो जाएगा। लेकिन सरकार ने आज दिन तक कृषक मित्रों के लिए कोई ठोस नीति न बनाकर उनसे भेदभाव किया है। उन्होंने बताया कि कृषक मित्रों के लिए ठोस नीति बनाने के लिए सरकार की ओर से कोरे आश्वासन ही मिले हैं। कृषक मित्रों ने बताया कि सरकार की ओर से चार हजार रुपये सालाना मानदेय देने की घोषणा की गई थी। लेकिन आज तक उन्हें मानदेय नहीं मिला। उन्होंने बताया कि अभी तक कृषक मित्र बिना मानदेय ही सेवाएं दे रहे हैं। बैठक में कृषक मित्रों का मानदेय बढ़ाने की मांग भी की गई है। उन्होंने कहा कि कृषक मित्र संघ की मांगें जल्द ही पूरी नहीं हुईं तो संघ मांगाें को लेकर आगामी रणनीति तैयार करेगा और मांगों को प्रदेश सरकार के ध्यान में लाएगा।
इस मौके पर संजीव अंगारिया, प्रवीन कुमार, कुलदीप, जश्नदीप, सोनू, सुरेश कुमार, संयोजता देवी, नरेश वैध, ओंकार सिंह, प्रदीप स्याल, देवेंद्र , देवराज, बबलू और सावित्री देवी मौजूद रहे।
