
धर्मशाला। शिक्षा बोर्ड के पास गटर में मिले सकोह निवासी रविंद्र के शव को लेकर अभी तक फोरेंसिक लैब अपनी रिपोर्ट थाने में नहीं सौंप पाई है। लैब से रिपोर्ट न आने के कारण पुलिस कार्रवाई को आगे नहीं बढ़ा पाई है।
इस मामले में निष्पक्ष जांच को लेकर मृतक के परिजन भी थाना प्रभारी से मिले थे और परिजनों ने आशंका जताई है कि रविंद्र को मारने के बाद उसके शव को गटर में फेंका गया था। वहीं, धर्मशाला थाना पायलट प्रोजेक्ट के तहत आता है। ऐसे में लैब को अपनी रिपोर्ट 15 दिनों के अंदर सौंपनी थी। लेकिन रिपोर्ट के न आने से पुलिस कार्रवाई भी आगे नहीं बढ़ पाई है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत आने वाले थान में लैब को समय पर रिपोर्ट सौंपनी जरूरी है। वहीं, फोरेंसिक लैब के सूत्रों के अनुसार केमिस्ट्री और बायोलॉजी विभाग में रिपोर्ट तैयार की जानी है। इसके बाद ही फाइनल रिपोर्ट तैयार होनी है। गौरतलब है कि 23 अगस्त को पुलिस थाना धर्मशाला में रविंद्र गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। उसका शव 6 सितंबर को गटर में मिला था।
उधर, एएसपी मोहित चावला ने बताया कि लैब से रिपोर्ट आने के बाद पुलिस कार्रवाई को आगे बढ़ाएगी। उन्हाेने बताया कि अभी तक लैब से रिपोर्ट नहीं आई है। वहीं, फोरेंसिक लैब के सहायक निदेशक डा. सुरेंद्र पाल ने बताया कि जल्द ही रिपोर्ट पुलिस को सौंपी जाएगी। उन्हाेंने कहा कि अलग-अलग विभागों से रिपोर्ट आनी है। इसके बाद ही फाइनल रिपोर्ट तैयार की जानी है।
