आज नगर निगम सदन में पेश होगा प्रस्ताव

शिमला। नगर निगम से सेवानिवृत्त हो चुके 460 अधिकारियों और कर्मियों को भी मेडिकल सुविधा दी जाएगी। निगम प्रशासन ने अपने सेवानिवृत्त कर्मियों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह प्रस्ताव तैयार किया है। शनिवार को होने वाली नगर निगम की मासिक बैठक में यह प्रस्ताव सदन के समक्ष रखा जाएगा। सदन ने प्रस्ताव मंजूर कर दिया तो सेवानिवृत्त कर्मियों के इलाज पर आए खर्च की राशि नगर निगम लौटाएगा। राज्य सरकार के सभी विभागों में सेवानिवृत्ति के बाद भी कर्मियों को मेडिकल रिंबरसमेंट सुविधा मिलती है लेकिन नगर निगम में इस योजना को अभी तक लागू नहीं किया है। सेवानिवृत्त कर्मियों के हितों को देखते हुए निगम प्रशासन ने पहली बार पहल की है। अब सारा दारोमदार निगम सदन पर टिका है। नगर निगम आयुक्त अमरजीत सिंह ने बताया कि सेवानिवृत्त कर्मियों को भी मेडिकल सुविधा देने का एक प्रस्ताव सदन के समक्ष रखा जाएगा। फाइनेंस कमेटी इस प्रस्ताव को मंजूर कर चुकी है।

एक करोड़ के बजट की दरकार
सेवानिवृत्त कर्मियों को मेडिकल सुविधा देने के लिए बनाई गई इस विशेष योजना के तहत करीब एक करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान करना पड़ेगा। आर्थिक संकट से जूझ रहे निगम प्रशासन के लिए इस बजट का प्रावधान करना आसान नहीं होगा।

एंपैनल अस्पतालों में होगा इलाज
सरकारी कर्मचारियों के इलाज के लिए राज्य सरकार के कई अस्पतालों को एंपैनल (सूचीबद्ध) किया हुआ है। निगम के सेवानिवृत्त कर्मी भी इन अस्पतालों में प्रस्ताव मंजूर होने के बाद अपना इलाज करवा सकेंगे।

Related posts