वर्करों की बेरुखी पर सख्त हाईकमान

बिलासपुर। सदर ब्लाक कांग्रेस की बैठकों को गंभीरता से न लेने वाले पार्टी कार्यकर्ताआें को ऐसा करना महंगा पड़ सकता है। लगातार तीन बैठकों से गैरहाजिर रहने वाले कार्यकर्ताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके मद्देनजर बाकायदा हाजिरी रजिस्टर भी लगाया जाएगा। यह बात पीसीसी की पर्यवेक्षक मेजर कृष्णा मोहिनी ने शुक्रवार को सदर कांग्रेस अध्यक्ष कर्नल अंबा प्रसाद गौतम की अध्यक्षता में इंदिरा भवन में आयोजित ब्लाक कार्यकारिणी की बैठक में कही।
कृष्णा मोहिनी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर मेहनत करनी होगी। इसके मद्देनजर उन्होंने संगठन को चुस्त-दुरुस्त बनाने के साथ ही जनसमस्याआें के त्वरित समाधान की वकालत की। सदर के विधायक बंबर ठाकुर ने भी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्हाेंने कहा कि पुराने गिले-शिकवे दूर करके एकजुट होकर मेहनत की जाएगी। उन्होंने विस चुनाव के दौरान उनका भरपूर साथ देने वाले कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यकारिणी में शामिल किए जाने की पैरवी भी की।
बैठक में प्रस्ताव पारित कर भाखड़ा विस्थापितों के अवैध कब्जे नियमित करने संबंधी सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए सीएम वीरभद्र सिंह का आभार जताया गया। भाजपा ने हमेशा विस्थापितों को सब्जबाग दिखाने का ही काम किया। इसके विपरीत कांग्रेस ने उनके बलिदान व दुखों को समझते हुए उन्हें राहत प्रदान करने में कभी कोई कसर नहीं छोड़ी। बैठक में पूर्व विधायक डा. बाबूराम गौतम, तिलक राज शर्मा, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष राजेंद्र पाल ठाकुर, महासचिव रामप्रकाश धीमान, गोपाल शर्मा व शहरी कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार टाडू के साथ ही वीरदीन, सोनिया, शशिबाला, सोनिका, निर्मला राणा, मस्तराम वर्मा, तेजस्वी शर्मा, प्रताप कौंडल, महबूब खान, रमेश चंद व रतनलाल शर्मा समेत कई अन्य कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

Related posts