बसों की कमी को लेकर एससीए का प्रदर्शन

जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल में बसों की कमी और एचआरटीसी का डिपो खोलने की मांग को लेकर जोगिंद्रनगर कॉलेज एससीए ने प्रदर्शन किया। महाविद्यालय परिसर से बस अड्डे तक एससीए के बैनर तले सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने रैली निकाली। वहीं, एचआरटीसी प्रबंधन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। एससीए के प्रधान रविंद्र सिंह, उपप्रधान अनिल कुमार, सह सचिव दीपा पूर्व एससीए प्रधान गुरमीत भारद्वाज ने कहा कि जोगिंद्रनगर में एचआरटीसी का डिपो खोलने एवं बसों की कमी को लेकर लंबे समय से माकपा, एसएफआई, नौजवान सभा और कई युवक मंडलों की ओर से कई बार भूख हड़ताल और प्रदर्शन किए गए। वहीं, एससीए चुनाव के दौरान भी एसएफ आई ने छात्र-छात्राओं की बसों संबंधी समस्या एवं कॉलेज में फीस काउंटर खोलने की मांग को उठाया था। इस समस्या के समाधान के लिए जब निगम प्रबंधन और सरकार ने कोई पहल नहीं की तो एससीए ने कॉलेज में हस्ताक्षर अभियान चलाया था। एसएफआई के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुशाल भारद्वाज ने कहा कि बसों की कमी के चलते शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के साथ-साथ आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है। मंडी, सुंदरनगर, सरकाघाट, धर्ममुर, बैजनाथ एवं पालमपुर में कम दूरी पर भी एचआरटीसी डिपो खुल गए, लेकिन मंडी से भड़ोल तक 120 किलोमीटर तक के दायरे में आज दिन तक डिपो नहीं खुला है। एससीए अध्यक्ष रविंद्र सिंह, उपाध्यक्ष अनिल कुमार और सहसचिव दीपा ने मांग उठाई कि जब तक जोगिंद्रनगर में एचआरटीसी का डिपो नहीं खुल जाता, बसों व स्टाफ की संख्या बढ़ाई जाए। यदि जल्द ही मांगें पूरी नहीं हुई तो आंदोलन तेज कर दिया जाएगा।

Related posts