
आगामी नवरात्र मेला में मां श्री नयनादेवी के दर्शन करने वाले श्रद्धालु बेफिक्र होकर नयनादेवी पहुंचें। नयनादेवी में नवरात्र मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है।
इस बार मेले के लिए ट्रक, ट्रैक्टर और टैंपो से सवारियां ढोने पर प्रतिबंध लगा दिया है। नयना देवी में प्रदेश के अलावा पंजाब, दिल्ली, चंडीगढ़ सहित अन्य राज्यों के श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं।
प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नयनादेवी में आगामी माह से शुरू हो रहे नवरात्र मेला में ट्रक, टैंपों, ट्रैक्टर से सवारियां ढोने पर प्रतिबंध रहेगा। मेला के दौरान नयनादेवी क्षेत्र को नौ सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा। मेले के सफल आयोजन के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
नवरात्र मेला के दौरान नयनादेवी में वाहनों को कैंची मोड़, टोबा, भाखड़ा में ही रोक दिया जाएगा। बसों को घवांडल बस स्टैंड तक आने की अनुमति होगी।
बस स्टैंड तक आने के लिए टैक्सियों को आने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ को देखने पर ही मेन बस स्टैंड तक ले जाने का निर्णय मौके पर ही लिया जाएगा।
वहीं, यातायात सुचारु रूप से बनाए रखने के लिए पार्किंग व्यवस्था घवांडल चौक पर की जाएगी। पार्किंग के लिए किराया नगर परिषद द्वारा निर्धारित किया जाएगा। श्रद्धालुओं को पांच स्थानों पर स्वास्थ्य सहायता कक्ष की सुविधा मिलेंगी। सुरक्षा की दृष्टि से भिखारियों तथा नकली धातु के छत्र पर विशेष निगरानी की जाएगी।
इस बारे में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रदीप ठाकुर ने कहा कि प्रशासन ने मेला के सफल आयोजन के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने कहा कि इस बारे अधिकरियों, कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
