
पांगी (चंबा)। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पांगी को मिनी सचिवालय का तोहफा देने के अलावा कई बड़ी घोषणाएं भी कीं। उन्होंने हाई स्कूल करयुणी को जमा दो का दर्जा दिया। मिडिल स्कूल सौर, करयास तथा फिंडरू को हाई का स्कूल का दर्जा देने की घोषणा की है। सिंधाड़ी नाला में फुट ब्रिज बनाने की भी घोषणा की है। पांगी के उपमंडल मुख्यालय किलाड़ में एचआरटीसी का सब डिपो खोलने का ऐलान किया है। चलासरी गांव में प्राइमरी स्कूल खोला जाएगा। चलौली, प्रग्वाल तथा करोथी में पशु डिस्पेंसरियां खोली जाएंगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुति करने वाले स्थानीय महिला मंडलों को दस-दस हजार और राष्ट्रीय गीत तथा राष्ट्रीय गान की प्रस्तुति देने वाले बच्चों को पांच-पांच हजार रुपये देने की घोषणा की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनजातीय क्षेत्रों में कार्यरत अधिकारियों को सीमित कार्य दिवसों के दृष्टिगत अपने कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से सर्दियों के दौरान हिमपात से कार्य प्रभावित नहीं होंगे। राजकीय डिग्री कालेज किलाड़ तथा अस्पताल भवन के निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश जारी किए।
उन्होंने कहा कि सरकार इन क्षेत्रों में धार्मिक पर्यटन को भी विकसित करने को प्रयासरत है। इस अवसर पर सांसद प्रतिभा सिंह ने पांगीवासियों के समर्थन पर उनका आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि किलाड़ में टीवी टावर स्थापित करने का मसला केंद्र के समक्ष उठाया जाएगा। वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने पूर्व सरकार पर पांगी में विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को न भरने का आरोप लगाया। उन्होंने चैहणी सुरंग के लिए 30 लाख रुपये देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर वन निगम के निदेशक सुभाष चौहान, जिप सदस्य मीनाक्षी ठाकुर, बीडीसी चेयरमैन अमर देई, जनजातीय सलाहकार समिति के सदस्य राम चरण राणा, किशन चोपड़ा, किलाड़ पंचायत प्रधान सतीश शर्मा, युकां अध्यक्ष राजकुमार, सियाराम, सेवादल के उपप्रधान प्रेमलाल, प्रधान बेली राम, महिला विंग की मीना शर्मा, पांगी वेलफेयर एसोसिएशन के चुनी लाल ठाकुर तथा महासचिव बृज लाल, जीसी चौहान, चंबा इकाई के पीएल ठाकुर तथा वजीर चंद भी मौजूद रहे।
