बड़ोह कॉलेज के स्टाफ ने नकारे आरोप

नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। पंडित अनंतराम सनातन धर्म महाविद्यालय बड़ोह में मौजूदा प्रधानाचार्य, स्टाफ सदस्यों तथा पीटीए प्रधान ने उस आरोप को सिरे से नकार दिया है जिसमें इस महाविद्यालय की बैंक में पड़ी धनराशि को फर्जी तरीके से निकाल कर फ्रॉड करने का आरोप लगाया है। यहां पत्रकार वार्ता में कॉलेज के प्राचार्य विधि चंद, पीटीए अध्यक्ष मस्त राम, स्टाफ सचिव एनएन सूद, अमन वालिया, पूनम शर्मा, प्रीति गुप्ता, सुनीता देवी, अश्वनी शर्मा, अर्जुन डढवाल, राकेश कुमार, सुरजीत, संजीव वालिया और अजय शर्मा ने कहा कि महाविद्यालय की धनराशि बैंक में ही है। केवल सुरक्षा की दृष्टि से महाविद्यालय के एक खाते से दूसरे खाते में शिफ्ट की गई है। उन्होेंने आरोप लगाया कि जब इस महाविद्यालय के सरकारीकरण के बारे में शिमला में कैबिनेट बैठक में चर्चा होने की संभावना जताई जा रही थी, तब इस चर्चा को प्रभावित करने के लिए कुछ लोगों ने जानबूझ कर व एक सोची समझी कथित साजिश के अंतर्गत महाविद्यालय की धनराशि के मामले को उछाल दिया। इस महाविद्यालय के अध्यापक पांच महीनों से बिना वेतन के अध्यापन का कार्य कर रहे हैं, वे भला महाविद्यालय की धनराशि का गबन क्याें करेंगे। हिमाचल ग्रामीण बैंक की बड़ोह शाखा में इस महाविद्यालय के दो खाते हैं। पैसे एक खाते से दूसरे खाते में डाले गए हैं।

पुलिस ने दोनों पक्ष बुलाए
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। पंडित अनंत राम सनातन धर्म कॉलेज बड़ोह में फर्जी तरीके से बैंक अकाउंट से राशि निकालने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच में पाया गया है कि शिकायत कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल द्वारा की गई है। कॉलेज के वर्तमान प्रिंसिपल ने अकाउंट की सुरक्षा के लिए कॉलेज के ही दूसरे अकाउंट में राशि को डाला है। फिर भी पुलिस ने दोनों पक्षों को वीरवार को कॉलेज में बुलाया है जिससे सच सामने आ सके। डीएसपी बीडी भाटिया और थाना प्रभारी सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि वीरवार को दोनों पक्षों को कॉलेज में बुलाया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Related posts