
तीसा (चंबा)। राजकीय हाई स्कूल सेईकोठी लंबे समय से अपग्रेड नहीं हो पाया है। इस कारण लगभग आधा दर्जन पंचायतों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए लगभग 20 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस स्कू ल में ग्राम पंचायत सेईकोठी, हरतवास, कुठेड़, बुधोड़ा, गुआड़ी, थनेईकोठी और खुशनगरी के बच्चे शिक्षा ग्रहण करने पहुंचते हैं लेकिन दसवीं कक्षा के बाद यहां के बच्चों को जमा दो करने के लिए बैरागढ़, तीसा या झज्जाकोठी स्कूल जाना पड़ता है। इस कारण उन्हें लगभग 20 से 25 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है। ऐसे में कई स्कूली छात्र दसवीं कक्षा के बाद घर बैठने को मजबूर हो जाते हैं। खासकर स्कूली छात्राओं को दसवीं के बाद घर पर बैठना पड़ता है।
ग्राम पंचायत हरतवास की प्रधान कमला देवी, सेईकोठी के प्रधान हरि चंद, सुदेश कुमार, अशोक, लाल चंद, चैन लाल, होशियारा राम, प्रीतम सिंह, दिनेश कुमार, चूनी लाल, निक्कू राम, सुभाष कुमार और विपन ने बताया कि सेईकोठी स्कूल को स्तरोन्नत कर जमा दो करने की कई बार सरकार से मांग की गई लेकिन आज तक इस स्कूल को जमा दो का दर्जा नहीं दिया गया। इस कारण क्षेत्र के कई बच्चों को उच्च शिक्षा से महरूम रहना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि इस स्कूल को जल्द अपग्र्रेड किया जाए।
उधर, स्थानीय विधायक हंसराज ने बताया कि स्कूल को अपग्रेड करने का मामला विधानसभा में उठाया गया है लेकिन अभी तक इस स्कूल को अपग्रेड नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि स्कूल अपग्रेड न होने से गरीब बच्चों को दूसरे स्कूलों में पढ़ने में अड़चनें पेश आ रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले को जल्द सरकार के समक्ष उठाया जाएगा और स्कूल को अपग्रेड करवा दिया जाएगा।
