
बिलासपुर। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) योजना शुरू होने के बाद रसोई गैस उपभोक्ताओं की जेब पर कैंची चल गई है। डीबीटी के बाद बैंक खाते में आ रही सब्सिडी में 30 से 35 रुपये कम आ रहे हैं। उस पर गैस सिलेंडर की कीमत में हो रहे इजाफे से लोग परेशान है। बताया जा रहा है कि गैस सिलेंडर पर लगने वाले एंट्री चार्ज और वैट पर मिलने वाली सब्सिडी को फिलहाल बंद कर दिया गया है। इससे सब्सिडी की राशि में कमी दर्ज की जा रही है।
बिलासपुर में वर्तमान में गैस सिलेंडर की कीमत एक हजार रुपये तक पहुंच गई है। उपभोक्ताओं को बैंक खाते में 540 रुपये सब्सिडी मिल रही है। अधिकारिक सूत्रों की मानें तो प्रति सिलेंडर राज्य में एंट्री चार्ज और वैट लग रहा है। इससे पहले सिलेंडर पर लगने वाले वैट और एंट्री चार्ज पर भी सब्सिडी दी जाती थी। डीबीटी योजना लागू होने के बाद से यह सब्सिडी बंद हो गई है। इस वजह से सब्सिडी की राशि में 25 से 30 रुपये कम आ रहे हैं। जिला राजस्व अधिकारी शशि पाल शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। गैस कंपनियों के अधिकारियों ने बताया है कि वैट और एंट्री चार्ज पर सब्सिडी नहीं मिल रही। इस सिलसिले में उच्च स्तर पर वार्ता हो रही है। जल्द मामला सुलझ जाएगा।
