सीयू पर कोर्ट जाने की तैयारी में देहरावासी!

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। केंद्रीय विवि के रजिस्ट्रार गौतम मुखर्जी ने शनिवार को देहरा के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आईपीएच रेस्ट हाउस में बैठक की। इसमें देहरा के हिस्से में खुलने वाली सीयू की चिन्हित भूमि सहित अन्य मुद्दों पर चरचा की गई।
इससे पहले देहरा के कई लोग केंद्रीय विवि के रजिस्ट्रार से मिलने के लिए आईपीएच रेस्ट हाउस में सुबह ही पहुंच गए थे। लोगों के बीच रोष था कि प्रदेश सरकार द्वारा देहरा में विवि के 70 फीसदी हिस्से और धर्मशाला में 30 फीसदी कैंपस खोलने के फैसले पर अमल नहीं हो रहा है। जबकि देहरा में करीब 81 हेक्टेयर भूमि और धर्मशाला में करीब 160 हेक्टेयर भूमि विवि को देने की कोशिशें जारी हैं। विवि के रजिस्ट्रार ने लोगों से कहा कि वह सीयू के प्रशासनिक कार्य से आए हैं और इस मामले में कोई टिप्पणी नहीं कर सकते। इसके बाद लोग कमरे से बाहर आ गए।
इससे पहले कांग्रेसी नेता सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर राजेंद्र सिंह राणा रेस्ट हाउस पहुंचे। इस मौके पर पहुंचे स्थानीय निवासी सुरेंद्र वालिया, सुरेंद्र सूद, जयप्रकाश वालिया, करनैल सिंह, जोगिंद्र सिंह, पवन शर्मा आदि लोगों ने कहा कि यदि देहरा के हिस्से की सीयू को अन्यत्र ले जाया गया तो देहरा की जनता एक मंच पर इकत्र होकर कोर्ट की शरण में जाएगी। उन्होंने कहा कि देहरा का विकास सीयू के निर्माण पर काफी निर्भर करता है। लेकिन केंद्रीय विवि में राजनीति होने के कारण देहरा की जनता इसमें पिसकर रह गई है। कुल मिलाकर देखा जाए तो सीयू के मुद्दे पर राजनीति फिर से गरमाने वाली है और सीयू के निर्माण पर और देरी की संभावना बढ़ती दिख रही है।
इस मौके पर एसडीएम देहरा विनय कुमार, लोनिवि के एक्सईएन आरके मिन्हास, आईपीएच के एक्सईएन पीसी दरोच सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related posts