
ठियोग (शिमला)। ठियोग के रझाणा-माहोग के पास किलरा सड़क के निर्माण में लगी जेसीबी अनियंत्रित होकर खाई में लुढ़क गई। बुधवार देर शाम हुए इस हादसे में जेसीबी आपरेटर सहित तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारण जानने के लिए तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक एचपी 9सी-1832 नंबर की जेसीबी बुधवार करीब शाम साढ़े सात बजे रझाणा के पास किलरा सड़क के कार्य में लगी हुई थी। इस दौरान जेसीबी अनियंत्रित हो गई और सड़क से गहरी खाई में जा गिरी। इसमें आपरेटर समेत तीन लोग सवार थे। हादसे में दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि एक की आईजीएमसी शिमला में मौत हो गई। मृतकों में जेसीबी आपरेटर किलरा गांव निवासी काकू और कुशाल और सुरेंद्र निवासी ठियोग शामिल हैं। हादसे के बारे में पता चलते ही रात को किलरा समेत अन्य गांवों से लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। डीएसपी ठियोग सागर चंद्र शर्मा ने हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि काम करते वक्त जेसीबी अनियंत्रित होने से खाई में गिर गई। उन्होंने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। हादसा कैसे हुआ, इसके बारे में अभी तक पता नहीं चला है। मामला दर्ज कर लिया गया है और छानबीन की जा रही है
