
मंडी। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) ने शिमला में सीटू नेताओं पर हुए लाठीचार्ज एवं गिरफ्तारी के विरोध में मंडी में प्रदर्शन किया। सीटू ने उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को मांग पत्र भेजा है और इस पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच तथा पकड़े गए नेताआें को तुरंत रिहा करने की मांग की है। रैली का नेतृत्व सीटू जिला प्रधान भूपेंद्र सिंह, महासचिव राजेश शर्मा, उपाध्यक्ष परस राम एवं रविकांत आदि ने किया।
सीटू जिला प्रधान भूपेंद्र सिंह ने कहा कि शिमला में कार्यरत तेंजिन निजी अस्पताल प्रबंधन ने 12 मजदूरों को बिना किसी कारण नौकरी से निकाला है। पुलिस ने इसके विरोध में अस्पताल के गेट पर शांतिपूर्वक तरीके से गेट मीटिंग और प्रदर्शन कर रहे सीटू नेताआें पर बिना किसी चेतावनी के लाठीचार्ज कर दिया। जिसमें दर्जनों मजदूर और सीटू नेता घायल हो गए। पुलिस ने यह सारी कार्रवाई बिना एसडीएम की अनुमति से की है, जो कानून का उल्लंघन है। सीटू ने इस सारे प्रकरण की न्यायिक जांच करने तथा गिरफ्तार सीटू राज्य प्रधान जगत राम, सचिव विजेंद्र मेहरा, रमाकांत मिश्रा, सदस्य किशोरी लाल, मुनीश शर्मा आदि को तुरंत रिहा करने की मांग की है। सीटू उपाध्यक्ष परस राम ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इस घटना की जांच नहीं की और दोषी पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो सीटू आंदोलन और तेज करेगी। इधर, आंगनबाड़ी यूनियन की राज्य प्रधान इंदिरा ठाकुर, जिला प्रधान सुमित्रा, सचिव राजकुमारी ने भी इस घटना की निंदा की है।
