
मंडी। प्लास्टिक पैकिंग पर प्रतिबंध लगाने के निर्णय के चलते प्रदेश के व्यापारियों के आगे विकट समस्या खड़ी हो गई है। जिला व्यापार मंडल अब कंपनियों की ओर से प्लास्टिक पैकिंग न करने के लिए लामबंद होने लगा है। वीरवार को जिला व्यापार मंडल ने प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में व्यापार मंडल ने कंपनियों को प्लास्टिक पैकिंग न करने के लिए आदेश देने का प्रधानमंत्री से आग्रह किया है।
व्यापार मंडल ने हाईकोर्ट के फैसले का जिक्र करते हुए 25 खाद्य सामग्रियों में प्लास्टिक पैकिंग पर बैन लगाना और मामले में अपील करने के बाद 19 नवंबर तक अस्थायी राहत मिलने का दुखड़ा भी बयान किया है। व्यापार मंडल ने कहा है कि देशभर में जंक फूड वस्तुएं प्लास्टिक पैकिंग में बेची जा रही हैं। स्वास्थ्य तथा पर्यावरण की दृष्टि से भी प्लास्टिक का प्रयोग घातक है। ऐसे में केवल हिमाचल प्रदेश में प्लास्टिक प्रतिबंध को लेकर व्यापार मंडल ने प्रश्न उठाया है। इस पर प्रधानमंत्री से समाधान मांगा है। व्यापार मंडल का कहना है कि इससे प्रदेश भर के कारोबारियों की आजीविका पर संकट पैदा हो गया है। व्यापार मंडल ने देश और प्रदेश को प्लास्टिक रहित एवं स्वास्थ्यवर्द्धक बनाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर जंक फूड तथा खाद्यान्न वस्तुओं का कारोबार करने वाली कंपनियों को प्लास्टिक पैकिंग न करने को बाध्य करने की गुहार लगाई है। व्यापार मंडल ने कंपनियों को प्लास्टिक पैकिंग न करने एवं वैज्ञानिक तरीके से स्थायी विधि पर अमल करने के आदेश जारी करने तथा इस परिवर्तन व्यवस्था को बनाने के लिए माकूल समय देने की मांग की है। जब तक व्यवस्था पूर्ण रूप से लागू नहीं हो जाती, प्रदेश सरकारों को उक्त मुद्दों से संबंधित अधिसूचनाओं को निरस्त करने का आदेश जारी करने की प्रधानमंत्री से मांग की है।
खाद्यान्न एवं जंक फूड को प्लास्टिक पैकिंग में राष्ट्रीय स्तर पर बंद करने के लिए कारगर कदम उठाने का प्रधानमंत्री से अनुरोध किया है। प्लास्टिक का प्रयोग स्वास्थ्य एवं पर्यावरण के लिए घातक है।
-नरेंद्र गोयल व्यापार मंडल प्रधान जिला मंडी।
