
लंबागांव (कांगड़ा)। अपने बच्चे की मौत पर एक व्यक्ति ने कथित रूप से स्टाफ व चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। महिला के पति ने आरोप लगाया है कि उसकी गर्भवती पत्नी की देखभाल सही तरीके से होती तो बच्चे की मौत नहीं होती। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार थुरल इलाके के हलूं निवासी अरविंद ने लंबागांव थाना पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि उसकी पत्नी गर्भवती थी। तबीयत खराब होने पर तीन दिन पहले थुरल अस्पताल लाया गया। लेकिन वहां पर उसकी जांच में चिकित्सक व स्टाफ की ओर से कथित रूप से लापरवाही बरती गई। उसे बाद में टांडा रेफर कर दिया गया। लेकिन जब टांडा में उसकी पत्नी की डिलीवरी हुई तो उनके बच्चे की मौत हो गई थी। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी का थुरल अस्पताल में सही तरीके से इलाज किया होता तो उनके बच्चे की मौत नहीं होती। उधर, डीएसपी बैजनाथ योगेश रोल्टा ने कहा कि पुलिस ने अरविंद की शिकायत पर दफा 304ए, 504 व 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
टटैहल पंचायत में लोग किए जागरूक
अंद्रेटा (कांगड़ा)। पंचायत टटैहल में लोगों को ई-गवर्नेंस के बारे में लोगों को जागरूक किया गया। इसमें करीब 250 लोगों ने भाग लिया। दिल्ली से अरुण कुमार के नेतृत्व में आई 11 सदस्यीय टीम ने लोगों को लोक मित्र केंद्र के तहत जमाबंदी, बिजली व टेलीफोन, पानी का बिल पर्चा आदि को लेकर जागरूक किया। इस मौके पर पंचायत प्रधान राकेश कुमार, उपप्रधान सुरेश, हीरा लाल, प्रवीण मिश्रा, कुलवंत राणा, बिंदु, रूमा, रीना, रश्म भंगालिया समेत कई लोग मौजूद थे।
