
बदरीनाथ/जोशीमठ। बदरीनाथ धाम में सोमवार को हुए माता मूर्ति मेले का समापन हो गया है। इस दौरान छह घंटे तक बदरीनाथ धाम के कपाट बंद रहे। आपदा के चलते हालांकि मेला सादगी के साथ मनाया गया, लेकिन भगवान उद्धव, घंटाकरण (क्षेत्रपाल) और माता मूर्ति के अद्भुत मिलन को देखने के लिए धाम में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
बदरीनाथ के बाल भोग लगने के पश्चात बदरीश पंचायत से भगवान बदरीनाथ के प्रतिनिधि के रूप में उद्धव की उत्सव डोली ने हजारों भक्तों के साथ सुबह नौ बजे माता मूर्ति मंदिर के लिए प्रस्थान किया। इस दौरान बदरीनाथ से रावल केशवन नंबूदरी, धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, बीकेटीसी के सीईओ बीडी सिंह, पंडा पंचायत के कोषाध्यक्ष श्याम लाल पंचपुरी और व्यापार संघ अध्यक्ष विनोद नवनी आदि ने उद्धव के साथ माणा गांव स्थित माता मूर्ति मंदिर के लिए प्रस्थान किया।
माता मूर्ति मंदिर में बदरीनाथ रावल केशवन नंबूदरी ने पूजा-अर्चना की। बदरीनाथ धाम में अपराह्न में लगने वाला भोग भी माता मूर्ति मंदिर में लगाया गया। यहां देव डोलियों के अद्भुत मिलन के पश्चात अपराह्न तीन बजे उद्धव बदरीनाथ धाम में विराजमान हुए। मेले के दौरान गढ़वाल स्काउट ने माणा गांव में भंडारे का आयोजन किया। बामणी, माणा गांव और पंडा पंचायत की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया।
