सिडकुल का जहरीला नाला तीन पानी नहर में भी

रुद्रपुर। तीन पानी नहर से बगवाड़ा के ग्रामीण प्यास बुझाते थे और सिंचाई भी करते थे। मगर सिडकुल के केमिकलयुक्त नालों ने इस नदी को जहरीला बना दिया है। इंसानों ने तो इसके पानी से तौबा कर लिया मगर जानवर अब भी इससे प्यास बुझा रहे हैं और बीमार पड़ रहे हैं। जानवरों में चर्म रोग हो रहा है। उनकी खाल उतर रही है तो बाल भी झड़ रहे हैं। कई के खुर पक गए हैं तो कुछ के मुंह में छाले हो गये हैं। इसके अलावा फुंसी- फोड़े की शिकायत भी जानवरों में आम हो गयी है। ग्रामीण बताते हैं कि जहरीले पानी से जानवरों का लीवर डैमेज हो रहा है और अन्य अंगों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इससे पशुपालक परेशान हैं, पशुओं के बीमार होने और मरने से उनको नुकसान सहना पड़ रहा है। इसके अलावा इस जहरीले पानी ने भूजल को भी दूषित कर दिया है। फसलों में रोग लग रहा है और उत्पादन भी प्रभावित हो रहा है। बता दें कि सिडकुल के दूषित नाले नदियों में बिना फिल्टर के बहाए जा रहे हैं। इससे क्षेत्र के नदी नाले जहरीले हो गए हैं।

Related posts