शुरू नहीं हुआ प्रश्नपत्र बनाने का काम

शिमला। प्रदेश विश्वविद्यालय बिना तैयारी के सेमेस्टर सिस्टम की नवंबर में परीक्षा कैसे लेगा? इस सवाल पर विवि के तहत चल रहे कॉलेजों और इक्डोल से प्रवेश लेने वाले हजारों छात्र उलझन में हैं। अभी तक विवि ने परीक्षा शाखा को पाठ्यक्रम और पैनल तक नहीं भेजा है। इसके बिना प्रश्नपत्र तैयार बनाने का काम भी शुरू नहीं हुआ है। इसके बाद परीक्षा शाखा की ओर से परीक्षा केंद्र से लेकर डेटशीट बनाने का काम किया जाएगा। परीक्षा शाखा में खाली पद विवि प्रशासन के लिए परेशानी बने हैं। प्रशासन को नवंबर में सत्र सिस्टम की पहली परीक्षा करवानी है। सूत्र बताते हैं कि परीक्षा शाखा को अभी प्रश्नपत्र तैयार करने को पैनल भी पूरे नहीं मिले हैं। इसका काम पूरा करने के बाद ही डेटशीट से लेकर अन्य काम शुरू होगा। रूसा के तहत सेमेस्टर सिस्टम में पहले के मुकाबले ज्यादा परीक्षाएं होनी हैं। साइंस, वाणिज्य और कला की परीक्षाएं भी पहले की तरह नहीं होंगी। कला संकाय के छात्रों के पास साइंस के सब्जेक्ट माइनर विषय हैं। इसलिए प्रशासन को डेटशीट तैयार करते समय इन बिंदुओं का ध्यान रखना होगा। विवि के परीक्षा नियंत्रक डा. नरेंद्र अवस्थी ने कहा कि सेमेस्टर सिस्टम के तहत परीक्षाओं की तैयारी चल रही है। छात्रों को दिक्कत न आए, इसके प्रयास किए जाएंगे। पहली बार सेमेस्टर सिस्टम की परीक्षाएं होनी हैं। इसमें काम पहले के मुकाबले ज्यादा करना होगा।

डेटशीट तैयार करना भी चुनौती
पहली बार विवि को मेजर, माइनर और हाबी विषय की परीक्षाएं करवानी हैं। कोई पेपर दूसरे के साथ क्लैश न हो, इसका ध्यान डेटशीट तैयार करते समय रखना होगा। परीक्षाओं में ज्यादा समय न लगे, इसका भी खास तौर पर ध्यान रखना होगा। परीक्षा शाखा प्रश्नपत्र तैयार करने वाले पैनल का काम पूरा करने के बाद डेटशीट बनाने के काम में जुटेगी।

नवंबर, मई में होनी हैं परीक्षाएं
कॉलेजों में रूसा के तहत लागू सेमेस्टर सिस्टम में पहली बार नवंबर में पहले सत्र और मई महीने में दूसरे सत्र की परीक्षाएं होनी हैं। इसके बीच में विवि प्रशासन को स्नातक स्तर की ही दो परीक्षाएं करवानी होंगी। इसमें सितंबर की अनुपूरक और मार्च महीने की रेगुलर परीक्षाएं शामिल हैं।

Related posts