टैक्स चोरी कर मोटा मुनाफा कमा रही फर्में

हल्द्वानी। वाणिज्य कर विभाग के (फार्म 11) पर दो प्रतिशत छूट पर लकड़ी खरीदकर टैक्स जमा किए बिना मोटा मुनाफा कमाने वाली शहर की फर्नीचर फर्मों पर एसआईबी की नजर है। स्पेशल इंवेस्टीगेशन ब्रांच (एसआईबी) ने शहर की कई फर्नीचर फार्मों को चिह्नित किया है, जो टैक्स चोरी कर रही हैं। एसआईबी ने धोखाधड़ी करने वाली इन फर्मों के खिलाफ गोपनीय जांच शुरू कर दी है।
गौजाजाली और कमलुवागांजा रोड स्थित पूर्व दर्जा मंत्री की तीन फर्नीचर फर्मों पर वाणिज्य कर विभाग की एसआईबी ने कुछ दिन पूर्व छापा मारा तो मामला खुला कि ये फर्नीचर फर्में फार्म 11 का उल्लंघन ही नहीं कर रही, बल्कि टैक्स चोरी भी कर रही हैं। मोटा मुनाफा कमाने के लिए यह फर्में लकड़ी का फर्नीचर न बनवाकर डिपो और निगम से लकड़ी खरीदकर सीधे अन्य दुकानों को बेच रही हैं। मामला खुलने पर वाणिज्य कर विभाग की नींद टूटी। हरिद्वार और देहरादून में बीते दिन फर्नीचर की फर्मों पर छापामारी में भी राज्य की सबसे बड़ी कर चोरी पकड़ी गई।
फर्नीचर फर्मों द्वारा फार्म 11 के उल्लंघन के बढ़ते मामले सामने आने पर वाणिज्य कर विभाग इस पर अंकुश लगाने के लिए गंभीर हो गया है। विभाग की एसआईबी ने फार्म 11 का उल्लंघन कर मोटा मुनाफा कमाने वाली शहर की फर्मों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। इधर, वाणिज्य कर विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जिन फर्मों पर छापामारी हुई थी, उनके खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, क्योंकि संबंधित रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई है। आदेश मिलने पर फर्मों के खिलाफ पेनाल्टी और टैक्स जमा करने का जुर्माना डालने की कार्रवाई की जाएगी।

Related posts