
रक्कड़ (कांगड़ा)। बाइक सवार नकाबपोशों द्वारा बंदूक की नोक पर लूटपाट करने और बाद में गोली चलाने की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। इलाके में पहले चोरी आदि की कुछ घटनाएं तो होती रहती थीं। लेकिन बंदूक की नोक पर लूटने की घटना ने लोगों को दहशत में डाल दिया है।
बदमाशों की गोली का शिकार बने भूपेंद्र सिंह की किस्मत अच्छी थी कि समय पर सरकारी बस आ गई। अन्यथा बदमाश दंपति को लूट के बाद किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते थे। पिछले कुछ समय से इलाके में चोरियां भी काफी हुई हैं। लेकिन आज दिन तक पुलिस आरोपियों को पकड़ नहीं पाई है। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली से लोगों में रोष व्याप्त है। पुलिस ने मौके से बरामद गोली के खोल की जांच के बाद पाया कि गोली का साइज 9.62 एमएम है। माना जा रहा है कि यह गोली किसी देसी कट्टे से चलाई गई है। वहीं लूट का शिकार हुई महिला ने फोन पर बताया कि बदमाश पंजाबी भाषा में बात कर रहे थे और उन्होंने अपनी बाइक की नंबर प्लेट पर कोई कागज की तरह दिखने वाली चीज चिपका रखी थी। महिला का कहना है कि जालंधर में उनके घायल पति भूपेंद्र का अस्पताल में आपरेशन होने के बाद गोली निकाल दी गई है तथा हालत खतरे से बाहर है।
पुलिस ने पंजाब को जोड़ने वाले सारे रास्ते सील कर दिए हैं और सभी पुलिस थानों को सतर्क कर दिया गया है। परागपुर बीडीसी उपाध्यक्ष कमलेश शर्मा ने कहा कि इलाके में चोरियों की घटनाएं काफी बढ़ गई हैं। लेकिन पुलिस उन पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। उन्होंने मांग कि बदमाशों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए
