
शिमला। हिमाचल में अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के भवन को लेकर मनकोटिया और जोगटा गुटों में घमासान की संभावना है। जोगटा गुट ने मंगलवार को शिक्षा निदेशालय में बैठक कर फैसला लिया कि बुधवार को एनजीओ भवन में बैठक करेंगे। पूजा अर्चना से शुभारंभ करेंगे। वहीं, मनकोटिया गुट का दावा है कि सरकार के आदेशों के बाद ही एनजीओ भवन में बैठे हैं। जोगटा गुट ने पिछले महीने दस सितंबर तक भवन को खाली करने का अल्टीमेटम दिया था। इस दौरान कमरा खाली न होने पर जोगटा गुट ने बैठक में फैसला लिया कि बुधवार को पदाधिकारी एनजीओ भवन में अध्यक्ष का स्वागत करेंगे। इसके साथ ही कार्यालय में पूजा अर्चना कर शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद सरकार से शीघ्र ही जेसीसी करने का आग्रह करेंगे। इससे पहले महासंघ का प्रतिनिधिमंडल मुख्य सचिव, सचिव जीएडी और वित्त सचिव से मिले। इस दौरान कर्मचारियों की मांगों को लेकर काफी चरचा हुई। एसएस जोगटा ने कहा कि एनजीओ भवन में चुने हुए पदाधिकारी बैठते हैं, वह संवैधानिक तरीके से हुए चुनावों में जीते हैं। इसलिए कमरे में बैठने का अधिकार उनका है। वहीं, मनकोटिया गुट के मुख्य प्रवक्ता हरीश गुलेरिया ने कहा कि सरकार के आदेश होंगे तो महासंघ का कार्यालय खाली कर देंगे। सरकार के आदेशों पर ही कार्यालय मिला है। यदि कोई जबरन कोशिश करेगा तो इसका जवाब दिया जाएगा। इस मामले मेें पहले ही सरकार और पुलिस को शिकायत दे दी है। मंगलवार को सचिव जीएडी की जोगटा के साथ वार्ता भी हुई, लेकिन इस मसले का हल नहीं निकल सका।
बाक्स
कर्मचारियों को दिया भवन नहीं होगा बंद : सुनीता
शिमला। हिमाचल में कर्मचारियों को दिया गया एनजीओ भवन बंद नहीं होगा। मनकोटिया गुट की प्रवक्ता सुनीता ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री के आदेशों पर ही एनजीओ कार्यालय खोला है। इसे कर्मचारियों की समस्याओं को हल करने के लिए खोला है। इसे बंद नहीं किया जाएगा।
