
पधर (मंडी)। पधर उपमंडल की लगभग 25 पंचायतों के लोगों को स्वास्थ्य लाभ देने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पधर में महिला चिकित्सक न होने के कारण महिला रोगियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पधर व्यापार मंडल सहित क्षेत्र के ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग और प्रदेश सरकार के प्रति रोष प्रकट करते हुए कहा कि बार-बार मांग करने के बाद भी समस्या का कोई हल नहीं हो पा रहा है।
हिमाचल किसान यूनियन द्रंग खंड इकाई एवं व्यापार मंडल पधर के अध्यक्ष लाभ सिंह ठाकुर, चमन लाल मेहता, दुनी चंद, दिनेश कुमार, संजय, नेक राम, प्रताप सिंह, सुरेश कुमार, लक्ष्मण, राजमल, मनू, कमलेश कुमार, जगदीश चंद, मनोहर लाल, कर्म चंद, महेंद्र पाल, योगेश कुमार, अजय, शमशेर सिंह, गौरव, राहुल सहित अन्य ग्रामीणाे ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पधर से डेपुटेशन पर पीएचसी पाली को भेजी गई महिला चिकित्सक का डेपुटेशन तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर से की है।
इधर, कार्यकारी सीएमओ हेमंत कपूर का कहना है कि इस बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। लोगों को समस्या आ रही है तो शीघ्र ही बीएमओ पधर को आदेश दिए जाएंगे। वहीं, बीएमओ पधर डाक्टर आरएल शर्मा का कहना है कि महिला चिकित्सक का पाली स्वास्थ्य केंद्र पर डेपुटेशन किया गया था। उनके स्थान पर अन्य चिकित्सक को डेपुटेशन पर भेजा जाएगा और महिला चिकित्सक को वापस पधर अस्पताल में बुलाया जा रहा है, ताकि लोगों को असुविधा न झेलनी पड़े।
