ठप हो गए जिले में अधिकतर स्टोन क्रेशर : शर्मा

पांवटा साहिब (सिरमौर)। द सिरमौर स्टोन क्रेशर संघ अध्यक्ष मदन मोहन शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने तीन माह के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। इस अवधि के बीच बाहरी राज्यों को रेत बजरी आपूर्ति बंद रहेगी। इससे पहले 31 अगस्त को ग्रीन बैंच ने लीज क्षेत्र से रेत खोदने पर रोक लगाई है। अब क्रेशर संचालन कार्य ठप हो गया है। जिला क्रेशर संघ अध्यक्ष ने कहा कि 17 सितंबर को मुख्यमंत्री सिरमौर प्रवास पर आ रहे हैं।
इस दौरान जिला क्रेशर संघ एवं बेरोजगार हुए मजदूरों का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलेगा। क्रेशर संघ अध्यक्ष मदन मोहन शर्मा एवं महासचिव एचसी चंदेल ने कहा कि अधिकतर क्रेशर यूनिट बंद हो चुके हैं। वैध तरीके से खनन पर प्रदेश सरकार को हर वर्ष करोड़ों का राजस्व मिलता है।
जिला सिरमौर में 10 क्रेशर चललेे थे। इनमें से कुछ बंद हो गए। इनसे प्रदेश सरकार को रायल्टी, वैट, 10 रुपये प्रति टन सीजीसीआर, सर्विस टैक्स, इन्कम टैक्सऔर बैरियर पर एंट्री समेत विभिन्न टैक्स मिलता है। हर वर्ष 5 करोड़ से ज्यादा राजस्व सरकार के खाते में जाता है। करीब 500 ट्रक एवं ट्रैक्टर इसमें लगे थे। दो हजार से ज्यादा कामगारों को रोजगार मिलता रहा है।
जिले में सरकारी एवं निजी क्षेत्रों को रेत बजरी आपूर्ति की जाती रही। सीजन चलने पर 70 से 100 टैक्टर-ट्रक रेत बजरी लेकर बाहरी राज्यों में जाते थे लेकिन अब 31 अगस्त से ग्रीन बैंच के आदेश पर लीज से माल (रेत) निकालने पर अंकुश एवं प्रदेश सरकार के बाहरी राज्यों को तीन माह तक रेत बजरी आपूर्ति प्रतिबंध लगा है जिससे क्रेशर व्यवसाय कार्य ठप ही हो गया है। क्रेशर संघ सदस्यों ने आपसी बैठक कर दिक्कतें पर चर्चा कर ली है। सिरमौर प्रवास के दौरान एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलेगा जिससे क्रेशर व्यवसाय में हो रही दिक्कतों बारे अवगत करवाया जाएगा।

Related posts