
हरिद्वार। हीरो मोटोकार्प की ओर से निकाले गए 31 श्रमिकों के मामले में कर्मियों का आंदोलन रविवार को छठें दिन भी जारी रहा। हीरो मोटोकार्प के श्रमिकों और संयुक्त कर्मचारी मोर्चा की ओर शांति मार्च चिन्मय चौक से शुरू होकर हिंदुस्तान चौक होते हुए वापस चिन्मय चौक पर समाप्त हुआ।
हीरो मोटोकार्प प्रबंधन की ओर से 29 अगस्त को एक श्रमिकों को बिना कारण बताए कंपनी से निकाल दिया था। जिसके बाद कंपनी के श्रमिक भड़क गए थे। श्रमिकों ने दो दिन तक कंपनी के गेट पर धरना दिया था। श्रम विभाग के अधिकारियाें ने कंपनी को श्रमिक को वापस काम पर लेने के आदेश दिए थे। कंपनी की ओर से 30 अन्य श्रमिकों को भी निकाल दिया गया था। जिस पर श्रमिकों ने तीन सितंबर से कलेक्ट्रेट भवन पर प्रदर्शन किया।
रविवार को कर्मचारी संयुक्त मोर्चा की ओर से धरना स्थल पर पहुंचकर कर्मचारियों का समर्थन किया गया। इसके बाद श्रमिकों ने शांति मार्च निकाला। इस अवसर पर बोलते हुए मिनिस्ट्रीयल फेडरेशन के अध्यक्ष जटाशंकर श्रीवास्तव ने कहा कि श्रमिकों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर चिकित्सा एवं परिवार कल्याण कर्मचारी संघ के महामंत्री दिनेश लखेड़ा और इंद्र सिंह, लैब टेक्नीशियन एसोसिएशन के प्रवक्ता उमेश सैनी, रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के शाखा मंत्री वीर सिंह, अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र तेश्वर आदि उपस्थित थे।
