सदर भाजपा में सुलगी अंदरूनी कलह की चिंगारी

बिलासपुर। विधानसभा चुनाव के समय से सदर भाजपा में भड़की चिंगारी दोबारा सुलगने लगी है। सदर से ताल्लुक रखने वाले पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं द्वारा रविवार को आयोजित बैठक ने इस चरचा को हवा दे डाली है। भाजपा की जिला व सदर मंडल कार्यकारिणी में ओहदों पर बैठे कई नेता भी बैठक में शिरकत करने पहुंचे।
बीते विधानसभा चुनाव के दौरान सदर भाजपा में टिकट को लेकर खूब बवाल मचा था। लंबी माथापच्ची के बाद भाजपा ने पूर्व सांसद सुरेश चंदेल को चुनावी अखाड़े में उतारा था। सदर की सीट गंवाने के बाद पार्टी हाईकमान ने भितरघात के आरोपों के आधार पर कई नेताओं को नोटिस भी जारी किए थे। चुनाव संपन्न हुए लंबा अरसा बीतने के बाद भी सदर में छिड़ी जंग शांत नहीं हो पाई है।
सूत्रों के अनुसार रविवार को सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताआें की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा गया कि उन्हें पार्टी के कार्यक्रमों की जानकारी तक नहीं दी जाती है। कुछ दिन पहले सांसद अनुराग ठाकुर यहां आए थे। इसके बारे में उन्हें नहीं बताया गया। मंडल पदाधिकारियों के साथ ही सुरेश चंदेल के खिलाफ भी जमकर भड़ास निकाली गई। बैठक में भाजपा के पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुभाष ठाकुर, स्वतंत्र सांख्यान, नीना कौशल, मंजीत कौर, आशीष ढिल्लाें, कैप्टन जिंदूराम, ज्योति कुमार, कृष्णलाल उपाध्याय, महिपाल सांख्यान, हंसराज ठाकुर, नंदलाल चौधरी व सुरेश कुमार समेत कई अन्य लोगों ने भाग लिया। सुभाष ठाकुर ने केवल इतना कहा कि सभी वरिष्ठ कार्यकर्ता एक-दूसरे से मिलने व बातचीत करने आए थे।
सदर मंडल अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर ने कहा कि पार्टी के कार्यक्रमों की सूचना सभी को दी जाती है। अनुराग ठाकुर के दौरे के दौरान कुछ लोग उनका अलग से स्वागत करना चाहते थे। उन्हें एक साथ मिलकर स्वागत करने को कहा गया, लेकिन वे नहीं आए। चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहे ऐसे ही कुछ लोग अब घुटन महसूस होने के कारण इस तरह की हरकतें कर रहे हैं। किसी पदाधिकारी ने ऐसी किसी बैठक में भाग लिया है तो उससे भी इस बारे जवाब मांगा जाएगा।

Related posts