धर्मशाला कालेज में चले दराट-तलवारें

धर्मशाला। पीजी कालेज धर्मशाला में शुक्रवार को दो बाहरी गुटों में खूनी झड़प से दहशत का माहौल बन गया। दोनों गुटों में जमकर तलवारें और दराट चले। इसमें एक गुट के दो युवक लहूलुहान हो गए। इनमेें से एक को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। वहीं शिक्षण संस्थान में सरेआम तलवारें और दराट चलते देखकर कालेज के विद्यार्थी सन्न रह गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस खूनी संघर्ष को देख दो छात्राएं बेहोश हो गईं।
बताया जाता है कि वारदात से पहले कालेज परिसर में चार गाड़ियां गेट के अंदर घुसीं। इनमेें सवार युवकों ने पहले से मौजूद दूसरे गुट पर तलवारों और दराटों से हमला बोल दिया। धर्मशाला पुलिस थाना के एसएचओ देशराज चंद्रोटिया ने कहा कि कालेज परिसर में दो बाहरी गुटों के बीच हुए संघर्ष में घरोह का राज कुमार और एक अन्य युवक घायल हुआ है। उन्होंने कहा कि राज कुमार ने मारपीट करने वाले चार युवकों के नाम बताए हैं। सभी युवक कांगड़ा और मटौर के रहने वाले हैं। उन्होेंने कहा कि पुलिस को कालेज विद्यार्थियों से चार वाहनों के नंबर भी मिले हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।शरारती तत्व जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे। सूत्रों के मुताबिक राजकुमार के गले पर दराट से हमला हुआ है।

एसपी को भेजी लिखित शिकायत : प्राचार्य
धर्मशाला कालेज के प्राचार्य प्रो. आरपी चोपड़ा ने कहा कि उन्होंने हाल ही कालेज में पदभार संभाला है। कालेज परिसर में शुक्रवार को हुई खूनी झड़प के बाद उन्होंने एसपी शिकायत पत्र सौंपा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि कालेज में सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक पुलिस बल तैनात किया जाए और बाहरी तत्वों पर भी नजर रखी जाए। शुक्रवार को उन्होंने कालेज में माहौल को देखते हुए सुबह 11 बजे एक पुलिस अधिकारी को सूचना दी थी। लेकिन पुलिस समय पर नहीं पहुंच पाई।

Related posts