
कांगड़ा। बिजली बिल के भुगतान से आंखें चुरा रहे उपभोक्ताओं पर महकमे ने शिकंजा कस दिया है। कांगड़ा उपमंडल के करीब आठ हजार उपभोक्ताओं को नोटिस जारी करने की तैयारी शुरू हो चुकी है। इन उपभोक्ताओं के अलावा आईपीएच विभाग समेत कुछ सरकारी महकमे भी हैं, जो बिलों की अदायगी में सुस्ती बरत रहे हैं।
बिजली बोर्ड की सख्ती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा रहा है कि पहले जारी किए नोटिसों पर अमल न करने वाले चालीस उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने के निर्देश दे दिए गए हैं। विभाग ने दो टूक कह दिया है कि जारी होने वाले नोटिस ही आखिरी मोहलत हैं, इसके बाद सीधे कनेक्शन कटेगा। विद्युत उपमंडल के करीब आठ हजार उपभोक्ताओं समेत कुछ सरकारी विभागों से बोर्ड ने लगभग 75 लाख रुपये वसूल करने हैं। कार्रवाई के नाम पर पहले भी कई उपभोक्ताओं को नोटिस जा चुके हैं। इनमें से कइयों ने एकमुश्त भुगतान कर दिया, जबकि कई इसे हल्के से ले गए। पहले जारी किए गए नोटिसों के बावजूद भुगतान न करने वाले 40 उपभोक्ताओं के कनेक्शन कटने जा रहे हैं। जबकि बाकी अदायगी के लिए आठ हजार नोटिस जारी करने की तैयारी शुरू हो चुकी है। इसी कड़ी में बोर्ड ने पहली कड़ी में तीन सौ उपभोक्ताओं को नोटिस भेजे हैं। एसडीओ कुलदीप सिंह ठाकुर ने कहा कि तय सीमा के भीतर उपभोक्ताओं समेत कुछ सरकारी विभागों ने लंबित बिलों का भुगतान न किया तो इनका बिजली का कनेक्शन कट जाएगा।
एडवांस में चल रही कांगड़ा नप
सरकार से सीमित बजट मिलने के बावजूद बिजली बिल के भुगतान में कांगड़ा नप आगे है। कुछ समय पहले ही नप ने बिजली बोर्ड को भुगतान किया है। यह भुगतान अभी एडवांस में चल रहा है। कई सरकारी विभाग नप से सीख ले सकते हैं।
आईपीएच 30 लाख का देनदार
आईपीएच विभाग से बिजली महकमे ने करीब तीस लाख रुपये की वसूली करनी है। विभाग को नोटिस भेज दिया गया है। इसके साथ ही उच्चाधिकारियों को इस बाबत सूचित किया जा चुका है। समय रहते अदायगी न हुई तो आईपीएच विभाग का कनेक्शन भी कट जाएगा।
