
मंडी। सीटू से जुड़ी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता यूनियन की ओर से 8 सितंबर को मंडी में आठवां जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। जिसमें सीटू के राज्य महासचिव डा. कश्मीर सिंह ठाकुर, यूनियन की राज्य सचिव सरोज शर्मा विशेष रूप से शिरकत करेंगी। यूनियन की जिला प्रधान सुमित्रा ठाकुर और सचिव राजकुमारी ने बताया कि सम्मेलन में मंडी जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आ रही समस्याओं के समाधान के बारे में संघर्ष की कार्य योजना बनाई जाएगी। यूनियन की मांग है कि सरकार की ओर से पोषाहार बाजार से क्रय करने का कार्य कार्यकर्ताओं को सौंप दिया है। इन्हें तीन हजार रुपये मानदेय मिलता है और यह राशि इसी में खत्म हो जाती है और कार्यकर्ताओं को अपना और परिवार का खर्च चलाने में दिक्कताें का सामना करना पड़ रहा है। यूनियन की मांग है कि पोषाहार विभाग क्रय करके केंद्रों को उपलब्ध करवाए। यूनियन इस सम्मेलन में सभी सरकारी बिलों का भुगतान हर माह सुनिश्चित करने की भी मांग करेगी। जबकि, बिलों का भुगतान छह महीने तक नहीं होता है। वहीं, स्तनपान सप्ताह, पोषाहार दिवस और बाल दिवसों के आयोजन के लिए दी जाने वाली राशि में भी कटौती की जा रही है। विभाग की ओर से केंद्रों में एक गैस सिलेंडर से 2400 आहार पकाने का नियम बनाया गया है, जो अव्यवहारिक है। उसी प्रकार आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए किराये पर लिए जाने वाले मकान का किराया विभाग की ओर से केवल 200 रुपये निर्धारित किया है, जिसे बढ़ाकर 500 रुपये मासिक किया जाए। इन मांगों के अलावा अलग-अलग प्रोजेक्टों में कार्यकर्ताओं को आ रही समस्याओं के बारे में मांगपत्र तैयार करके विभाग को सौंपा जाएगा। इन मांगों को लेकर 25 सितंबर को मंडी, जोगिंद्रनगर, सरकाघाट और करसोग में प्रदर्शन किए जाएंगे।
