
चंबा। जिला प्रेरक संघ की बैठक चंबा में जिला उपाध्यक्ष अब्बास मुहम्मद की अध्यक्षता में हुई। इसमें सभी प्रेरकों ने भाग लिया और समस्याओं पर विचार-विमर्श किया। प्रेरकों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर जल्द ठोस नीति नहीं बनाई गई, तो वे ठोस कदम उठाने पर बाध्य हो जाएंगे। जिला उपाध्यक्ष ने बताया कि प्रेरक जिला साक्षरता समिति से कई बार अपनी समस्या रख चुके हैं। अभी तक समस्या का हल नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि जिला में प्रेरक पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं। पंचायत प्रेरकों को लोक शिक्षा केंद्र पर स्थायी और अस्थायी रूप में कोई भी सामग्री उपलब्ध नहीं करवाई गई है। इससे लोगों का लोक शिक्षा केंद्रों से मोहभंग हो गया है। प्रेरकों को झूठे आश्वासन देकर पंचायत स्तर पर काम लिया जा रहा है। जबरदस्ती असाक्षरों को परीक्षा में बिठाने का दबाव बनाया जाता है। लक्ष्य पूरा न करने पर बाहर निकालने की बात कही जाती है। बैठक में उपस्थित अशोक कुमार, उमा कुमारी, पूनम, रविंद्र, शालिनी, सुनीता देवी, डिंपल कुमार, रीनू कुमार, राज, जीवना और राजेश ने बताया कि प्रेरकों का अनुबंध अप्रैल 2013 से किया जाना था, साक्षरता समिति जबरदस्ती अगस्त 2013 से अनुबंध करवा रही है। प्रेरकों ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी मांग को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। अन्यथा प्रेरक अपने स्तर पर ठोस कदम उठाने पर मजबूर हो जाएंगे।
