केसीसीबी निदेशक पद को कड़ी टक्कर

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। केसीसीबी निदेशक मंडल के चुनाव जैसे-जैसे निकट आ रहे हैं, उम्मीवारों के बीच जंग तेज हो गई है। उम्मीदवारों ने जीत हासिल करने के लिए दिन-रात एक कर दिया है तथा वोटरों को रिझाने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जा रही है। कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के निदेशक के 15 पदों के लिए कड़ा मुकाबला है। जबकि रैत जोन से अजीत महाजन निर्विरोध चुने जा चुके हैं। चुनाव में विभिन्न जोनों के करीब 1 हजार 608 मतदाता मतदान करेंगे।
मंडल में सबसे अधिक आठ निदेशक जिला कांगड़ा से चुने जाएंगे। देहरा जोन से जतिंद्र पाल, प्रकाश चंद, रमेश चंद, जोगिंद्र सिंह मैदान में हैं। जबकि परागपुर जोन से हंसराज, गुरचरण सिंह, जगदीश चंद और लेखराज। नूरपुर जोन से करनैल सिंह राणा, सुदर्शन और रछपाल सिंह। इंदौरा जोन से सुनील दत्त और कर्ण सिंह। नगरोटा बगवां से रमेश चंद, पवन कुमार, केशव, चंद्रभूषण, शक्तिचंद और देवराज। बैजनाथ जोन से बलदेव राणा, संजीव राणा, कुलदीप सोनी, सुरेश कुमार और कुलविंद्र राणा। भवारना जोन से जगदीश सपेहिया और रंजीत राणा मैदान में हैं। निदेशक पद पर कब्जा जमाने के लिए इनके बीच कड़ी टक्कर है। देखा जाए निदेशक मंडल पर कब्जा जामने के लिए भाजपा और कांग्रेस नेता अंदरखाते पूरा जोर लगाए हुए है। दोनों दलों के नेता अपने-अपने समर्थित उम्मीदवारों को जिताने के लिए अपने-अपने स्तर पर भी वोटरों को रिझाने की कोशिश कर रहे हैं। कुल मिलाकर इस दफा केसीसीबी निदेशक मंडल के चुनाव की सरगर्मियां जोर पकड़ चुकी हैं। चुनाव मैदान में उतरे उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 7 सितंबर को हो जाएगा।

Related posts