रुद्रपुर में डेंगू का ‘डंक’

रुद्रपुर। जिले में डेंगू ने अपनी दस्तक दे दी है। शहर के तीन लोगों में डेंगू के लक्षण पाए गए हैं। जिनमें दो को सुशीला तिवारी अस्पताल रैफर किया गया है। जबकि एक शिक्षक को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। इससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने इससे निपटने के लिए कोई तैयारी नहीं की है।
जिला अस्पताल सूत्रों के अनुसार बीते दिनों रोडवेज डिपो में परिचालक के पद पर कार्यरत विनीत पाठक और खेड़ा निवासी एक अन्य व्यक्ति तेज बुखार के चलते जिला अस्पताल पहुंचे। फिजीशियन डा. एसएस कुंवर ने ब्लड जांच के बाद प्लेटलेट कम होने व डेंगू के लक्षण पाए जाने पर उन्हें उपचार के लिए एसटीएच हल्द्वानी रैफर किया। जबकि आवास विकास निवासी शिक्षक विजयशंकर को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डा. कुंवर ने बताया कि एक गदरपुर के रोगी में भी डेंगू के लक्षण पाए गए हैं। जिसे जांच के लिए भेजा गया है। जिला मलेरिया अधिकारी बीसी जोशी ने बताया कि तेज बुखार होने के बाद मरीज के प्लेटलेट एक लाख से नीचे हो जाती है। प्लेटलेट को अलग करने की सुविधा सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी में उपलब्ध है। जिले के अस्पतालों में आरडीटी किट से प्लेटलेट की जांच की जाती है। लेकिन जिले के कई अस्पतालों में यह सुविधा उपलब्ध नहीं है। मरीजों से निजी पैथोलॉजी लेबों में भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि डेंगू-1, दो व तीन सामान्य वायरल है जो स्वत: ठीक हो जाता है। जबकि डेंगू-4 में काली खून की उल्टी भी हो जाती है। जिससे मरीज की मौत हो सकती है।

Related posts