
उत्तरकाशी। जून माह से बंद पड़े गंगोत्री राजमार्ग को खोलने सहित विभिन्न मांगों को लेकर भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार का पुतला फूंका। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही समस्याआें का निदान नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
बुधवार को भाजयुमो कार्यकर्ता बस अड्डे पर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए सरकार का पुतला फूंका। वक्ताओं ने कहा कि सरकार आपदा राहत कार्यों में लापरवाही बरत रही है। तीन माह बाद भी गंगोत्री राजमार्ग नेताला से आगे नहीं खुल पाया। कई गांवों में विद्युत आपूर्ति सुचारू नहीं हो पाई। मोर्चा के प्रदेश सदस्यता प्रमुख नवीन पैन्यूली ने चेतावनी दी कि जल्दी ही समस्याओं का निदान नहीं किया गया तो युवा मोर्चा आंदोलन करेगा। प्रदर्शन करने वालों में नत्थे सिंह भंडारी दुर्गेश जोशी, अजीत पंवार, नागेंद्र भंडारी, दिगपाल, वीरेंद्र राणा आदि शामिल रहे।
पंचायत प्रतिनिधि करेंगे आंदोलन
उत्तरकाशी। जून माह में आई आपदा के बाद से अलग-थलग पड़े भटवाड़ी क्षेत्र में समस्याएं गहराती जा रही हैं। इनका निराकरण नहीं होने से नाराज पंचायत प्रतिनिधि अब आंदोलन की तैयारी में जुट गए हैं।
जून की बाढ़ में गंगोत्री हाईवे तबाह होने के साथ ही भटवाड़ी क्षेत्र के कई गांव भी आपदा से बुरी तरह प्रभावित हो गए थे। गंगोत्री हाईवे अभी तक नहीं खुल पाया है। सड़क के अभाव में क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, संचार, खाद्यान्न आपूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाएं तो प्रभावित हुई ही हैं, साथ ही लोगों की आजीविका चौपट हो गई है। मल्ला के ग्राम प्रधान राजवीर रावत ने कहा कि आपदा के लंबे समय बाद भी व्यवस्थाएं पटरी पर न लौटने से क्षेत्र की जनता में रोष व्याप्त है। उन्होंने डीएम को ज्ञापन देकर क्षेत्र में शीघ्र व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग की। चेतावनी दी कि ऐसा न होने पर पंचायत प्रतिनिधि आंदोलन करेंगे।
