
मंडी। पुरानी मंडी स्थित माता महाकाली एवं माता चतुर्भुजा के मंदिर में वार्षिक जाग आयोजित की गई। जिसमें हजारों लोगों ने माता का आशीर्वाद लिया। जाग के दौरान माता के गूर खेल में अग्नि पर कूदे। मंदिर कमेटी के प्रधान रवि शर्मा ने बताया कि इस जाग होम में माता महाकाली पुरानी मंडी, नैणा माता बीर और माता काली चामुंडा स्कूल बाजार ने विशेष रूप से शिरकत की। रात 12 बजे माता की जाग शुरू हो गई। जिसमें देवी रथों के साथ आए कारिंदों और गूरों ने दहकते हुए अंगारों पर चल कर माता की दैवीय शक्ति के साक्षात दर्शन करवाए तथा भादों माह में चल रहे देवी देवताओं और असुरों के बीच हो रहे युद्ध का वृत्तांत भी सुनाया।
रवि ने कहा कि इस दौरान होम को आकर्षक बनाने के लिए भुवनेश्वरी जागरण मंडल के कलाकारों की ओर से रात भर माता का गुणगान किया गया। जबकि, राजू ओंकारा आर्ट ग्रुप के कलाकारों ने मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम का आगाज जागरण मंडल के कलाकार देवेंद्र शास्त्री की ओर से गुरु वंदना और गणेश वंदना से किया। इसके बाद उन्होंने मैया जी तेरी जोत जले दिन रात, मेला मैया दा सहित कृष्ण भजन भी प्रस्तुत किए। राजेंद्र शर्मा ने ..सोने रंगे शेरा तेरी मेहरबानी भजन प्रस्तुत किया। इस दौरान राजू ओंकारा ग्रुप के कलाकारों ने मां दुर्गा की मनमोहक झांकी प्रस्तुत की। मंडल के मुख्य गायक तारा चंद शर्मा ने अपनी मधुर आवाज में ..मेरी मैया दा जगराता, अज होणा सारी रात, नचो गाओ भक्तो अज है जगराता, मैया दी सवारी आई है आदि हिंदी, पहाड़ी और पंजाबी भेंटें और भजन प्रस्तुत किए। जबकि, राजू ओंकारा आर्ट ग्रुप के कलाकारों हेमराज राणा, महेंद्र, रिंकू, अभिषेक ने माता की झांकियों में शेरावाली माता, फकीर की झांकी, कृष्ण रास लीला और शिव तांडव का बेहतरीन ढंग से मंचन किया। इस दौरान मंदिर कमेटी के प्रधान रवि शर्मा, चंदन, शेर सिंह, बहादुर, माता काली चामुंडा के गूर जय चंद राणा, सुंदरलाल, अशोक राणा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
