ज्यादा किराया वसूला तो रद होगा लाइसेंस

बिलासपुर। गोबिंदसागर में अब बोट चालकों की मनमानी नहीं चलेगी। यदि कोई बोट चालक प्रशासन के नियमों को अनदेखा करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। बोट चालक का लाइसेंस भी रद हो सकता है। गोबिंदसागर में बोट चालकों द्वारा मनमाने तरीके से वसूले जा रहे किराये का मुद्दा ‘अमर उजाला’ ने उठाया था। 28 अगस्त के अंक में ‘सौ नहीं, 500 रुपये की वसूली’ शीर्षक से खबर छपने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया। उपायुक्त बिलासपुर डा. अजय शर्मा ने मंगलवार को गोबिंदसागर झील में चलने वाली मोटर बोटों का लुहणू, ऋषिकेश, जकातखाना, नकराणा, ज्योरीपतन के बोट घाटों पर जाकर मोटर निरीक्षण किया। जिन बोटों में खामियां पाई गई, उन्हें मरम्मत तथा मोटर बोट से संबंधित सभी दस्तावेज आरसी, लाइसेंस इत्यादि साथ रखने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने बोट चालकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने बोट के रखरखाव को सुनिश्चित करें ताकि यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि बोट चालक यात्रियों से निर्धारित किराया ही वसूलें। यदि इस बारे कोई भी शिकायत मिली तो उस बोट मालिक के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बोट चालक ों करो समय-समय पर अपने बोटों की तकनीकी जांच करवानी चाहिए ताकि कोई भी दुर्घटना न घटे। इस दौरान एडीएम प्रदीप ठाकुर, एसडीएम सदर डा. एमएल मेहता, एसडीएम घुमारवीं राजीव कुमार भी मौजूद थे।

Related posts