केदारनाथ में एसडीएम और सीओ की तैनाती

रुद्रप्रयाग। 11 सितंबर से केदारनाथ में दोबारा पूजा शुरू कराने को लेकर पुलिस-प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। नए राहत आयुक्त/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नितिन भदौरिया गुप्तकाशी पहुंच गए हैं। वह केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने तक केदारघाटी में ही रहेंगे। विभिन्न विभागों के साथ समन्वय के लिए धाम में एसडीएम ऊखीमठ राकेश तिवारी को भेजा गया है। पुलिस के एक सीओ भी केदारनाथ में रहेंगे।
धाम में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए एक सीओ गौरीकुंड और एक सीओ गुप्तकाशी में मौजूद रहेंगे। मंगलवार को एमआई-17 हेलीकॉप्टर से प्री-फेब्रिकेटेड हट्स की सामग्री भेजी गई, जबकि सिविलियन चॉपर से अनाज भेजा गया। पुलिस अधीक्षक बरिंदर जीत सिंह ने बताया कि केदारनाथ में व्यवस्था बनाने के लिए 100 पुलिस अधिकारियों/कर्मियों की डिमांड की गई है, इसमें तीन सीओ भी शामिल हैं। सोनप्रयाग, त्रियुगीनारायण और चौमासी की ओर से केदारनाथ जाने वाले मार्गों पर पुलिस रहेगी। डीएम जावलकर ने बताया कि नए राहत आयुक्त के साथ फिलहाल एडीएम राघव लंघर को गुप्तकाशी भेजा गया हैै। धाम में बीएसएनएल टावर लगाने में हो रही देरी पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में निगम के डीजीएम से वार्ता की गई है।

Related posts